संगरूर, 29 अगस्त,2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): पंजाब सरकार द्वारा राज्य में खेल संस्कृति को और मजबूत करने तथा युवाओं को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही ‘खेलां वतन पंजाब दियां-2026’ की तैयारियों के तहत आज जिला संगरूर में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) अंकुर महिंदरू, पी.सी.एस. और सहायक कमिश्नर (जनरल) राजवीर सिंह भंगू ने क्यूआर कोड (QR Code) को आधिकारिक तौर पर लॉन्च किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि ‘खेलां वतन पंजाब दियां’ पंजाब सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य राज्य के बच्चों, युवाओं और खेल प्रेमियों को खेलों से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि इस बार भी खेलों को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि क्यूआर कोड की सुविधा के माध्यम से खिलाड़ियों को खेलों से संबंधित आवश्यक जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सकेगी। साथ ही, पंजीकरण और सत्यापन की प्रक्रिया को भी अधिक सुचारू बनाया जा सकेगा। इससे खेलों के प्रबंधों में डिजिटल तकनीक के उपयोग को और बढ़ावा मिलेगा।
सहायक कमिश्नर (जनरल) राजवीर सिंह भंगू ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा ‘खेलां वतन पंजाब दियां-2026’ में अधिक से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्यूआर कोड के माध्यम से खिलाड़ियों को खेलों से संबंधित जानकारी प्राप्त करने में सुविधा होगी और इससे पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनेगी।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में ‘खेलां वतन पंजाब दियां-2026’ में भाग लें और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करें। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी नवदीप सिंह भी उपस्थित थे।






