नई दिल्ली, 26 नवंबर 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर बातचीत के बीच टैरिफ का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। भारत ने समझौते को जल्द अंतिम रूप देने के लिए अमेरिका के साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई है। साथ ही भारत ने अमेरिकी दावे को खारिज किया है कि उसके विनिर्माण क्षेत्र में जरूरत से अधिक उत्पादन क्षमता मौजूद है।
यह प्रतिक्रिया अमेरिका की ओर से बुधवार को भारत से आयात होने वाले उत्पादों पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने का प्रस्ताव सामने आने के बाद आई है। प्रस्ताव के मुताबिक, यदि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौता हो जाता है तो इस शुल्क को घटाकर 17 प्रतिशत किया जा सकता है। इससे भारतीय उत्पादों को एशिया के कुछ प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले बेहतर स्थिति मिल सकती है।
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) ने भारत सहित 16 अर्थव्यवस्थाओं के विनिर्माण क्षेत्रों में अतिरिक्त उत्पादन क्षमता और उत्पादन से जुड़े पहलुओं की जांच की थी। इस सूची में चीन, यूरोपीय संघ, सिंगापुर, स्विट्जरलैंड, इंडोनेशिया, मलेशिया, कंबोडिया, थाईलैंड, दक्षिण कोरिया, वियतनाम, ताइवान, बांग्लादेश, जापान, नॉर्वे और मेक्सिको भी शामिल हैं।
भारत ने अतिरिक्त उत्पादन क्षमता के आरोप को नकारा
वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि भारत ने अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय की ओर से व्यापार अधिनियम की धारा 301 के तहत शुरू की गई जांच और उस पर जारी नोटिस का संज्ञान लिया है। इस मामले में अमेरिका की ओर से मांगी गई टिप्पणियों और जांच संबंधी पहलुओं की समीक्षा की जा रही है।
मंत्रालय के अनुसार, भारत ने जांच के दौरान अपना पक्ष रचनात्मक और तथ्यों के आधार पर रखा है। भारत ने स्पष्ट किया है कि उसके किसी भी क्षेत्र में संरचनात्मक रूप से अतिरिक्त उत्पादन क्षमता मौजूद नहीं है।
सरकार ने यह भी कहा कि भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर बातचीत जारी है। भारत का मानना है कि व्यापार से जुड़े सभी मुद्दों का समाधान इसी वार्ता के माध्यम से निकाला जाना चाहिए। मंत्रालय ने 2 फरवरी 2026 को की गई घोषणा और 7 फरवरी 2026 के संयुक्त बयान में व्यक्त प्रतिबद्धता को दोहराते हुए समझौते को जल्द पूरा करने की बात कही।
समझौता नहीं हुआ तो 25 प्रतिशत शुल्क का सामना कर सकते हैं भारतीय उत्पाद
थिंक टैंक ग्लोबल ट्रेड रिसर्च इनिशिएटिव (GTRI) ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से धारा 301 के तहत प्रस्तावित टैरिफ पर चिंता जताई है। GTRI का कहना है कि यह कदम पहले लागू जवाबी शुल्क व्यवस्था को नए स्वरूप में आगे बढ़ाने जैसा है। इसके जरिए व्यापारिक साझेदारों पर महंगे और एकतरफा समझौतों के लिए दबाव बनाया जा सकता है।
GTRI के मुताबिक, भारत और अमेरिका के बीच समझौता होने पर भारतीय उत्पादों पर 17 प्रतिशत टैरिफ लागू हो सकता है। यह दर बांग्लादेश, कंबोडिया, इंडोनेशिया, मलेशिया और थाईलैंड की तुलना में एक प्रतिशत कम होगी। वहीं चीन और वियतनाम के मुकाबले भारतीय वस्तुओं पर तीन प्रतिशत कम शुल्क लग सकता है।
हालांकि, यदि दोनों देशों के बीच व्यापार समझौता नहीं हो पाता है तो भारतीय उत्पादों पर टैरिफ की दर 25 प्रतिशत तक रहने की आशंका है। ऐसे में प्रस्तावित समझौता भारतीय निर्यातकों की अमेरिकी बाजार में प्रतिस्पर्धात्मक स्थिति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।