Thursday, August 27, 2026
HomePatiala​जनहित समिति के निःशुल्क सिलाई सिखलाई केंद्र रच रहे हैं स्वावलंबन का...

​जनहित समिति के निःशुल्क सिलाई सिखलाई केंद्र रच रहे हैं स्वावलंबन का नया इतिहास: सुशील आज़ाद

​बेटियों और माताओं के जीवन में आ रहा है सकारात्मक बदलाव, हुनर सीखकर बन रही हैं आत्मनिर्भर

​संस्थापक श्री ओमप्रकाश कौशिश जी की दूरदर्शी सोच आज बन रही है सैकड़ों परिवारों का संबल

पटियाला, 4 जुलाई,2026 : नर सेवा को ही नारायण सेवा मानने वाली पटियाला की अग्रणी सामाजिक संस्था जनहित समिति (पंजीकृत) पटियाला द्वारा समाज के कल्याण और महिला सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे सेवा कार्य धरातल पर सच्ची क्रांति ला रहे हैं। समिति के प्रधान श्री एस के गौतम और जनरल सेक्रेट्री श्री विनोद कुमार शर्मा के कुशल मार्गदर्शन व नेतृत्व में तफ़जलपुरा, पटियाला में संचालित निःशुल्क सिलाई-कढ़ाई सिखलाई केंद्र में आज एक विशेष गरिमामयी सभा का आयोजन हुआ। इस अवसर पर समिति के संस्थापक सदस्य अनिल कुमार भारती और अंतरराष्ट्रीय लेखक एवं शिक्षा शास्त्री सुशील कुमार आज़ाद विशेष रूप से शिक्षार्थियों का उत्साहवर्धन करने पहुंचे।

​स्वावलंबन की अनूठी दास्तान: शिक्षार्थियों की जुबानी

​केंद्र में शिक्षा ग्रहण कर रही बेटियों और महिलाओं के चेहरों पर आत्मसम्मान की एक नई चमक साफ देखी जा सकती थी। शिक्षार्थियों ने अत्यंत भावुक होकर बताया कि केंद्र की शिक्षिका (टीचर दीदी) उन्हें केवल सिलाई-कढ़ाई की बारीकियाँ ही नहीं सिखातीं, बल्कि उन्हें जीवन में आगे बढ़ने का हौसला भी देती हैं।

​इस केंद्र की सफलता का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि यहाँ कई पीढ़ियाँ एक साथ हुनरमंद बन रही हैं।

केंद्र में उपस्थित कुछ आदरणीय माताओं ने भावुक स्वर में कहा:

​”हमारी बेटियों और पुत्रवधुओं ने पहले इसी केंद्र से सिलाई का हुनर सीखा। जब हमने उनके भीतर यह अद्भुत हुनर और आत्मविश्वास देखा, तो उन्होंने हमें भी प्रेरित किया। आज हम माताएं भी यहाँ सिलाई सीखकर गर्व महसूस कर रही हैं।”

​अधिसंख्य लड़कियों ने अत्यंत गर्व के साथ अपने अनुभव सांझा करते हुए बताया कि अब वे इस कला में इतनी पारंगत (ट्रेंड) हो चुकी हैं कि अपने और अपने परिवार के वस्त्र स्वयं सिलती हैं, जिससे घर के बजट में भारी बचत हो रही है। इतना ही नहीं, कई कर्मठ महिलाओं ने तो दूसरों के कपड़े सिलकर ससम्मान अपने घर के खर्च का बोझ उठाना भी आरंभ कर दिया है।

​शिक्षार्थियों के इस अथाह परिश्रम और समिति के सेवा भाव को देखकर अंतरराष्ट्रीय लेखक एवं शिक्षा शास्त्री सुशील कुमार आज़ाद का हृदय गद्गद् हो उठा। उन्होंने जनहित समिति द्वारा किए जा रहे परोपकारी कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। श्री आज़ाद ने केंद्र की लड़कियों द्वारा अत्यंत कलात्मक रूप से सिले गए सूटों का सूक्ष्म निरीक्षण (मुआइना) किया। बेटियों की इस कला पर अपनी प्रसन्नता और संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि हुनर ही व्यक्ति की सच्ची संपत्ति है। उन्होंने सभी शिक्षार्थियों को और अधिक तन्मयता, लगन तथा एकाग्रता से इस विधा को सीखने की पावन प्रेरणा दी। इस अवसर पर सभी उपस्थित महिलाओं और बेटियों ने भावुक मन से जनहित समिति का आभार व्यक्त किया, जिसने उनके जीवन को एक नई और सकारात्मक दिशा प्रदान की है।

​समिति के संस्थापक सदस्य अनिल कुमार भारती ने इस सेवा यात्रा के भावुक पहलू को रेखांकित करते हुए बताया कि जनहित समिति द्वारा वर्तमान में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में छह सिलाई-कढ़ाई सिखलाई केंद्र, दो कंप्यूटर सेंटर और एक ब्यूटीशियन ट्रेनिंग सेंटर पूरी निष्ठा से चलाए जा रहे हैं। इन केंद्रों की स्थापना के पीछे समिति के परम श्रद्धेय संस्थापक श्री ओमप्रकाश कौशिश जी की यह दिव्य और दूरदर्शी सोच थी कि प्रत्येक बेटी और महिला के हाथ में कोई न कोई हुनर या कला अवश्य होनी चाहिए। उनका दृढ़ विश्वास था कि एक हुनरमंद नारी जीवन के हर अच्छे-बुरे समय में अपने इस व्यावसायिक कौशल के बल पर स्वाभिमान के साथ अपने घर-परिवार का भरण-पोषण कर सकती है।

उन्होंने यह भी बताया कि ​परीक्षा के उपरांत जनहित समिति सिलाई मशीनों का उपहार भी देती है।

​यहाँ यह विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि जनहित समिति केवल प्रशिक्षण देने तक ही सीमित नहीं रहती, बल्कि शिक्षार्थियों को पूर्ण रूप से स्थापित करने का उत्तरदायित्व भी निभाती है। इन केंद्रों में कोर्स पूरा होने के उपरांत शिक्षार्थियों की बाकायदा परीक्षा ली जाती है। परीक्षा में सफल होने वाली सभी होनहार लड़कियों और महिलाओं को गरिमामयी समारोह में प्रामाणिक सर्टिफिकेट तो दिए ही जाते हैं, साथ ही समिति की ओर से उन्हें निःशुल्क सिलाई मशीनें भी भेंट स्वरूप प्रदान की जाती हैं। इस अनुपम सहयोग का एकमात्र उद्देश्य यही है कि बेटियाँ कोर्स पूरा करने के तुरंत बाद बिना किसी आर्थिक बाधा के अपने पैरों पर खड़ी हो सकें और समाज में सिर उठाकर जी सकें।

​फोटो कैप्शन: तफ़ज़लपुरा पटियाला के जनहित निःशुल्क सिलाई कढ़ाई सिखलाई केंद्र में अंतर्राष्ट्रीय लेखक एवं शिक्षा शास्त्री सुशील आज़ाद शिक्षार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए।

​जारीकर्ता:

विनोद कुमार शर्मा

जनरल सेक्रेट्री, जनहित समिति (पंजीकृत), पटियाला

मोबाइल नंबर: 98150-70241

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments