Thursday, August 27, 2026
HomePatialaपटियाला के विकास कार्यों का मेयर कुंदन गोगिया ने किया निरीक्षण

पटियाला के विकास कार्यों का मेयर कुंदन गोगिया ने किया निरीक्षण

पटियाला, 31 जुलाई,2026 (विशाल गुप्ता): शाही शहर पटियाला के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करने और बुनियादी ढांचे को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पटियाला के मेयर कुंदन गोगिया ने आज जमीनी स्तर पर व्यापक निरीक्षण किया। मेयर गोगिया ने नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम के साथ शहर के विभिन्न वार्डों और इलाकों का दौरा करते हुए चल रहे तथा पूर्ण हो चुके विकास कार्यों का विस्तार से जायजा लिया।

इस अवसर पर मेयर कुंदन गोगिया ने कहा कि पटियालावासियों द्वारा अदा किए गए टैक्स का प्रत्येक रुपया पूरी पारदर्शिता के साथ शहर की सूरत बदलने और जनकल्याणकारी कार्यों पर ही खर्च किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम का मुख्य उद्देश्य शहर के प्रत्येक वार्ड में बुनियादी नागरिक सुविधाओं को मजबूत करना है तथा विकास कार्यों में जनता के धन की अनावश्यक बर्बादी या किसी भी प्रकार की लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मेयर ने अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार एजेंसियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों के दौरान निर्धारित गुणवत्ता मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। प्रत्येक परियोजना को तय समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री के साथ पूरा किया जाए, ताकि शहरवासियों को लंबे समय तक टिकाऊ सड़कें एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर किया निरीक्षण

इस दौरान मेयर ने छोटा राय माजरा, समाना गेट स्थित गीता भवन, बगीची हेतराम, मथुरा कॉलोनी, बना रोड से राजपुरा रोड एवं बाईपास रोड, काली माता मंदिर के पीछे निर्मित टॉयलेट ब्लॉक, डोगरा मोहल्ला, रतन नगर ई-ब्लॉक, आनंद नगर के निकट इकोना पार्क तथा डेयरी फार्म अबलोवाल सहित शहर के कई अन्य क्षेत्रों में चल रहे और पूर्ण हो चुके विकास कार्यों का निरीक्षण किया।

मेयर कुंदन गोगिया ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर के सभी विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है और भविष्य में भी प्रत्येक परियोजना का समय-समय पर निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि पटियाला को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहर बनाना तथा नागरिकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments