मूनक, 2 अगस्त,2026 (गुरप्रीत सिंह): संगरूर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मूनक सब-डिवीजन पुलिस ने बीते एक सप्ताह के दौरान उल्लेखनीय कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एस.एस.पी) डॉ. रवजोत ग्रेवाल ने बताया कि “युद्ध नशों के विरुद्ध” और “पिंडों के पहरेदार” अभियान के अंतर्गत 27 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक ड्रग्स से जुड़े दो मामले दर्ज किए गए। इन मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 55 नशीली गोलियां बरामद की गईं।
उन्होंने बताया कि एन.डी.पी.एस एक्ट के तहत एक अन्य मामला दर्ज करते हुए एक आरोपी को नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया। इसके अलावा नशे की लत से जूझ रहे 18 लोगों को उपचार और दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं, ताकि उन्हें मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।
एस.एस.पी ने बताया कि इसी अवधि के दौरान विभिन्न आपराधिक मामलों में 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी सख्ती बरतते हुए 127 ट्रैफिक चालान किए गए। संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के दौरान 96 लोगों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 172 के तहत कार्रवाई की गई, जबकि 9 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई अमल में लाई गई।
डॉ. रवजोत ग्रेवाल ने आम जनता से अपील की कि वे नशा विरोधी अभियान में पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने बताया कि पंचायतों, खेल क्लबों और समाज के प्रमुख लोगों के साथ लगातार बैठकें आयोजित कर युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नशे पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।






