पटियाला, 11 अगस्त,2026 (अनिल कुमार भारती): मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर-2026) के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 23 बूथ लेवल अधिकारियों (बी.एल.ओ) और सुपरवाइजरों को जिला स्तर पर जिला निर्वाचन अधिकारी-कम-डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने प्रशंसा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इनमें 9 बी.एल.ओ ऐसे हैं, जिन्हें पंजाब की मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्रीमती अनिंदिता मित्रा द्वारा भी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए हैं।

इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि पंजाब राज्य में एसआईआर-2026 का कार्य सबसे पहले पूरा करने वाले पहले 100 बी.एल.ओ में जिला पटियाला के 9 बी.एल.ओ भी शामिल हैं, जिन्हें मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब द्वारा प्रमाण पत्र जारी किए गए हैं। इसके अलावा जिला स्तर पर उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने वाले 14 अन्य अधिकारियों/कर्मचारियों को भी प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।
डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने कहा कि चुनाव से संबंधित कार्य हमेशा एक चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी होता है, लेकिन मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य इससे भी अधिक कठिन और जिम्मेदारी वाला कार्य था। उन्होंने कहा कि इन बीएलओ और सुपरवाइजरों ने पूरी निष्ठा, ईमानदारी और लगन के साथ अपनी ड्यूटी निभाकर मिसाल कायम की है।
डिप्टी कमिश्नर ने प्रशंसा पत्र प्राप्त करने वाले बीएलओ और सुपरवाइजरों को बधाई देते हुए कहा कि एसआईआर का शेष कार्य भी इसी भावना और समर्पण के साथ भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार पूरा किया जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये कर्मचारी अन्य बीएलओ के लिए भी मार्गदर्शक बनेंगे।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि हालांकि एसआईआर के कार्य के दौरान मौसम काफी गर्म और उमस भरा रहा, इसके बावजूद बीएलओ और सुपरवाइजरों ने पूरे दृढ़ संकल्प और समर्पण के साथ इस कठिन कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया। उन्होंने कहा कि इस शानदार कार्य के लिए सभी सम्मानित अधिकारी और कर्मचारी बधाई के पात्र हैं।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि अब एसआईआर के अगले चरण के तहत जिन मतदाताओं के नाम मतदाता सूचियों से हटाए गए हैं अथवा जो किसी कारणवश सूची में शामिल होने से रह गए हैं, उनके दावे और आपत्तियां प्राप्त करके शेष कार्य भी सुचारू ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि यह पूरा कार्य टीम वर्क है और यदि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता हो तो वे निःसंकोच उनसे संपर्क कर सकते हैं।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी-कम-अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर अनुप्रिता जौहल और चुनाव तहसीलदार विजय कुमार चौधरी भी उपस्थित थे।
सम्मानित होने वालों में नाभा के सुपरवाइजर राजिंदर सिंह, बीएलओ करमजीत सिंह खंगूड़ा, जसवीर कौर, बीरू मल पुरी और जतिंदर सिंह; 110-पटियाला ग्रामीण के सुपरवाइजर प्रदीप कुमार, बीएलओ गौरव ठाकुर और गुरदीप सिंह; 111-राजपुरा के सुपरवाइजर संजीव कुमार, बीएलओ संदीप कुमार; 113-घनौर के सुपरवाइजर इंदरपाल सिंह, बीएलओ सुखवीर सिंह और संदीप कौर; 114-सनौर के सुपरवाइजर मनविंदर सिंह, बीएलओ कमलजीत सिंह और बलविंदर गोस्वामी; 115-पटियाला के सुपरवाइजर आशीष जौली, बीएलओ सतपाल गुप्ता; 116-समाना के सुपरवाइजर करनैल सिंह, बीएलओ तलजिंदर सिंह तथा 117-शुतराना के सुपरवाइजर रिशव गुप्ता, बीएलओ चाहत और जसवीर सिंह शामिल हैं।






