
मेयर कुंदन गोगिया ने बताया कि शहर के विभिन्न वार्डों और प्रमुख क्षेत्रों में नगर निगम की कई कीमती जमीनें और प्लॉट खाली पड़े हैं, जिन पर शरारती तत्वों द्वारा अवैध कब्जा करने की कोशिश की जाती है। ऐसी गतिविधियों को रोकने के लिए नगर निगम की लैंड ब्रांच द्वारा पूरे शहर में अभियान चलाकर खाली पड़ी जगहों की पहचान की जा रही है और उन पर नगर निगम की मिल्कियत दर्शाने वाले विशेष चेतावनी बोर्ड लगाए जा रहे हैं।
मेयर और कमिश्नर ने सख्त शब्दों में कहा कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा नगर निगम की सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण, कब्जा करने या लगाए गए चेतावनी बोर्डों के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की गई तो उसके खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज करवाकर बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निगम अधिकारियों को इन स्थानों की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा के लिए प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे की सूचना तुरंत नगर निगम कार्यालय को दें।






