पटियाला, 22 अगस्त,2026 (अमनदीप सभरवाल): शहर की प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाने और नाजायज़ कब्जों के कारण आम लोगों को पेश आ रही परेशानियों के समाधान के लिए नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। नगर निगम कमिश्नर पूजा सियाल ग्रेवाल के सख्त आदेशों के तहत नगर निगम की लैंड ब्रांच के इंस्पेक्टर विशाल वर्मा और स्वास्थ्य शाखा के इंस्पेक्टर रेशव गुप्ता ने निगम तथा पुलिस टीम के साथ संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान शहर की प्रमुख भूपिंदरा रोड से सड़क किनारे लगी नाजायज़ रेहड़ियों और अस्थायी कब्जों को हटाया गया, ताकि आम नागरिकों और वाहन चालकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।इस कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य शाखा की टीम द्वारा सफाई व्यवस्था का ध्यान न रखने वाले कई रेहड़ी चालकों के चालान भी काटे गए। निगम अधिकारियों ने रेहड़ी चालकों को साफ-सफाई बनाए रखने तथा सार्वजनिक स्थानों पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न करने की हिदायत दी।

कमिश्नर पूजा सियाल ग्रेवाल ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि मुख्य मार्गों, फुटपाथों और बाजारों में नाजायज़ कब्जों के कारण लोगों को होने वाली परेशानी तथा ट्रैफिक जाम की समस्या को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति रेहड़ियां लगाने या दुकानों का सामान सड़क अथवा फुटपाथ पर रखने वालों के खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर सामान भी जब्त किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शहर को साफ-सुथरा, सुरक्षित और यातायात के लिए सुगम बनाए रखने के लिए नगर निगम की टीमें भविष्य में भी शहर के विभिन्न बाजारों और संवेदनशील मार्गों पर ऐसी संयुक्त कार्रवाई लगातार जारी रखेंगी। कमिश्नर ने दुकानदारों और रेहड़ी चालकों से अपील की कि वे सड़कों पर नाजायज़ कब्जे न करें और नगर निगम द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करें।






