पटियाला, 22 अगस्त,2026 (जगदेव रंचना): पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने आज शाम अपने विधानसभा क्षेत्र पटियाला ग्रामीण के गांव कसियाना में ग्रामीणों से मिली सूचना के आधार पर खुद मौके पर पहुंचकर एक कथित नशा तस्कर को नशा सप्लाई करते हुए पकड़वाया और पुलिस के हवाले किया।
डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि गांववासियों ने उन्हें सूचना दी थी कि गांव में एक व्यक्ति द्वारा नशे की सप्लाई की जा रही है। सूचना मिलते ही उन्होंने अपने सुरक्षा कर्मचारियों को तुरंत गांव भेजा और खुद भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सख्त हिदायत दी कि नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति के साथ कोई नरमी न बरती जाए और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा नशे के खिलाफ शुरू किए गए ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ नशे की लत से पीड़ित लोगों को उपचार और पुनर्वास के अवसर भी उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई नशा करने वाला व्यक्ति सच्चाई सामने लाने और नशा छोड़ने के लिए तैयार है तो सरकार उसका इलाज करवाने तथा उसे हुनरमंद बनाकर रोजगार से जोड़ने के लिए हर संभव सहायता करेगी।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का स्पष्ट संदेश है कि नशा तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा, जबकि नशे की लत से पीड़ित व्यक्तियों को उपचार, काउंसलिंग और पुनर्वास के माध्यम से मुख्यधारा में लाया जाएगा।
डॉ. बलबीर सिंह ने लोगों से अपील की कि वे नशा तस्करी या नशों की सप्लाई संबंधी किसी भी प्रकार की जानकारी तुरंत पुलिस के साथ साझा करें। उन्होंने गांववासियों द्वारा दी गई सूचना की सराहना करते हुए कहा कि लोगों के सहयोग से ही पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए चलाई जा रही मुहिम को और मजबूत किया जा सकता है। इस अवसर पर डीएसपी जंगजीत सिंह रंधावा भी उपस्थित थे।






