कुरुक्षेत्र, 27 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): महानिदेशक आयुष हरियाणा के दिशा निर्देश एवं जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा के कुशल मार्ग दर्शन में कुरुक्षेत्र जिले में जन-स्वास्थ्य एवं जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में एलएनजेपी हॉस्पिटल के आयुष विंग में ‘योग संजीवनी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां ओपीडी में आए मरीजों को डॉ. शुभम द्वारा तनाव प्रबंधन और होम्योपैथी चिकित्सा के महत्व से अवगत कराया गया। इस दौरान मरीजों को मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से आसन, प्राणायाम एवं सूक्ष्म व्यायाम का व्यावहारिक अभ्यास भी करवाया गया। इस अवसर पर डॉ. मोनिका गुप्ता, डॉ. चारू, पिंकी, अभिमन्यु सहित आयुष विंग का अन्य स्टाफ विशेष रूप से मौजूद रहा।

आयुष विभाग द्वारा गांव खरकाली की आंगनवाड़ी में एक विशेष स्वास्थ्य एवं योग शिविर आयोजित किया गया। शिविर में डॉ. सपना एवं प्रदीप कुमार (योग सहायक) ने आमजन को वर्षा ऋतु में फैलने वाले मौसमी रोगों तथा उनसे बचाव के तरीकों के प्रति जागरूक किया। शिविर के दौरान कुल 51 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं तथा उनकी मधुमेह और रक्तचाप की जांच भी की गई। इसके साथ ही उपस्थित लोगों को योग का अभ्यास कराते हुए नियमित योग से होने वाले स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने अपने संदेश में कहा कि आयुष विभाग का मुख्य उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना और लोगों को प्राकृतिक व योग पद्धतियों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि ‘योग संजीवनी’ और ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले स्वास्थ्य शिविर आमजन को बीमारियों से बचाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में अत्यंत प्रभावी सिद्ध हो रहे हैं। विभाग आगे भी कुरुक्षेत्र जिले के विभिन्न हिस्सों में इस प्रकार के जागरूकता और चिकित्सा शिविर निरंतर आयोजित करता रहेगा ताकि हर नागरिक निरोगी और दीर्घायु जीवन व्यतीत कर सके।






