चंडीगढ़, 28 अगस्त,2026 (जगदेव सिंह जग्गी): पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रक्षाबंधन के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार प्रदेश की बेटियों और बहनों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करती रहेगी।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को समर्पित रक्षाबंधन पर्व की बधाई देते हुए कहा कि बहनों से मिलने वाले प्यार और आशीर्वाद से उन्हें पंजाब की महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए लगातार काम करने की प्रेरणा मिलती है।
सी.एम. मान ने कहा कि पंजाबियों की भलाई और प्रदेश की तरक्की के लिए सरकार पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ काम कर रही है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने राखड़ पुण्या और बाबा बकाला साहिब के ऐतिहासिक जोड़ मेले के अवसर पर भी संगत को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने श्री गुरु तेग बहादुर जी की चरण छोह प्राप्त पवित्र धरती को नमन करते हुए पंजाब में भाईचारा, शांति और खुशहाली बनाए रखने की कामना की।
मुख्यमंत्री ने अरदास की कि गुरु साहिब सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें और प्रदेश में आपसी भाईचारा एवं सुख-समृद्धि कायम रहे।






