नई दिल्ली, 29 अगस्त,2026 (प्रभजोत सिंह): महंगाई से जूझ रहे लोगों को एक और झटका लगा है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आई.जी.एल.) ने दिल्ली और एनसीआर के कई शहरों में सीएनजी की कीमतों में 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें शनिवार सुबह 6 बजे से लागू हो गई हैं।
कीमत बढ़ने के बाद दिल्ली में सी.एन.जी. 86.98 रुपये प्रति किलो, जबकि नोएडा और गाजियाबाद में 95.59 रुपये प्रति किलो हो गई है। गुरुग्राम में नई कीमत 92.01 रुपये और मेरठ में 95.47 रुपये प्रति किलो होगी।
यह चालू साल में सीएनजी की कीमतों में पांचवीं बढ़ोतरी बताई जा रही है। लगातार महंगी होती सीएनजी का सीधा असर ऑटो, टैक्सी और अन्य गैस से चलने वाले वाहनों के किराये पर पड़ सकता है। वहीं, परिवहन और माल ढुलाई की लागत बढ़ने से रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी अप्रत्यक्ष दबाव बढ़ने की आशंका है।
आई.जी.एल. के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में एल.एन.जी. की बढ़ी हुई लागत सीएनजी की कीमत बढ़ाने की प्रमुख वजह है। कंपनी ने पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण स्पॉट मार्केट में एल.एन.जी. के ऊंचे दाम का हवाला दिया है। बढ़ी लागत का कुछ हिस्सा समायोजित करने के लिए सीएनजी की दरों में संशोधन किया गया है।






