पटियाला, 29 अगस्त,2026 (हर्षलीन सिंह): पंजाब सरकार द्वारा शुरू किए गए ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के दूसरे चरण के तहत राज्य स्तरीय कूड़ा सफाई अभियान का आज पटियाला में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने नेतृत्व किया। इस अवसर पर उन्होंने पटियाला तथा पंजाब के निवासियों से स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और राज्य को साफ-सुथरा रखने के लिए सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने आज सुबह थापर इंस्टीट्यूट से जेल रोड पर स्वयं झाड़ू लगाकर सफाई की और पटियाला में ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के दूसरे चरण की शुरुआत की। इस अवसर पर उनके साथ नगर निगम के मेयर कुंदन गोगिया, वरिष्ठ अधिकारी, शहरवासी तथा सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

डॉ. बलबीर सिंह ने ‘मिशन क्लीन पंजाब’ को स्वच्छ पंजाब की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि पंजाब को स्वच्छ और सुंदर बनाना केवल सरकार अथवा सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने शहरों और गांवों को साफ-सुथरा रखने के लिए पंजाब सरकार का सहयोग करें तथा अपने घरों में गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग करके ही कूड़ा एकत्र करने वालों को दें।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा शुरू किए गए ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के तहत 29 अगस्त से 7 सितंबर तक चलने वाले इस 10 दिवसीय अभियान का मुख्य उद्देश्य कूड़े वाले स्थलों की सफाई कर शहरों और गांवों को और अधिक स्वच्छ एवं सुंदर बनाना है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि स्वच्छता को केवल एक अभियान न समझा जाए, बल्कि इसे अपनी दैनिक जिम्मेदारी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार के इस प्रयास को सफल बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपना योगदान अवश्य देना चाहिए।

डॉ. बलबीर सिंह ने ‘मेरा पटियाला, मैं ही संवारा’ संस्था की सराहना करते हुए इसके सदस्यों द्वारा स्वच्छता अभियान में दिए जा रहे योगदान के लिए उनका धन्यवाद भी किया। इस दौरान नगर निगम के सफाई सेवकों, पंजाब जेल ट्रेनिंग स्कूल के प्रशिक्षुओं और पटियाला के निवासियों ने राज्य स्तरीय कूड़ा सफाई अभियान में सक्रिय रूप से भाग लिया।
इस अवसर पर सीनियर डिप्टी मेयर हरिंदर कोहली, डिप्टी मेयर जगदीप सिंह जग्गा, एडीसी (शहरी विकास) नवरीत कौर सेखों, अतिरिक्त आयुक्त सिमरप्रीत कौर, पार्षद जसवीर सिंह गांधी, कर्नल जेवी, चरणजीत सिंह एसके, जतिंदर कौर, भूपिंदर सिंह लंबड़दार, मनदीप सिंह विरदी, सुमित भंडारी, हरीश कुमार, हरिंदरपाल लांबा, कैप्टन सुखजीत कौर तथा पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के कार्यकारी अभियंता गुरकरण सिंह सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे।





