कुरुक्षेत्र, 29 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा हरियाणा में चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत अब तक विधानसभा शाहाबाद, लाडवा, पिहोवा के चिन्हित सभी मतदाताओं को नोटिस बांटे जा चुके हैं। ऐसे मतदाताओं की सुविधा के लिए 30 अगस्त को भी विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा। रविवार को जिला के सभी बीएलओ सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे तथा पात्र मतदाताओं से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने और एन्यूमरेशन फार्म न भरने वाले मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें लाडवा विधानसभा के 19780 मतदाता, शाहाबाद विधानसभा के 20731 मतदाता, पिहोवा विधानसभा के 25498 मतदाता शामिल हैं। इन सभी चिन्हित मतदाताओं को नोटिस पहुंचाया जा चुका है। इसी तरह थानेसर विधानसभा के 45733 मतदाता चिन्हित किए गए हैं, इनमें से लगभग को नोटिस दिया जा चुका है।
जिला निर्वाचन अधिकारी विश्राम कुमार मीणा ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रारंभिक मतदाता सूची में अपना व अपने परिवार के पात्र सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है तो फॉर्म-6 के माध्यम से नाम शामिल करवाने के लिए आवश्यक दस्तावेजों तथा घोषणा-पत्र सहित दावा प्रस्तुत किया जा सकता है। इसी तरह मतदाता सूची में नाम, पता, आयु, फोटो या अन्य विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 आवश्यक दस्तावेजों एवं घोषणा-पत्र सहित भरा जा सकता है। उन्होंने कहा कि किसी अपात्र, मृत, स्थानांतरित अथवा अन्य स्थान पर पहले से पंजीकृत मतदाता के संबंध में नाम हटाने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फॉर्म-7 के माध्यम से आपत्ति दर्ज की जा सकती है। यह दावे एवं आपत्तियां संबंधित ईआरओ या एईआरओ कार्यालय में जमा की जा सकती हैं। नागरिक ऑनलाइन वोटर्स.ईसीआई.जीओवी.इन के माध्यम से भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि इस विशेष अभियान के दौरान नागरिक अपने क्षेत्र के संबंधित बीएलओ अथवा निर्वाचन पंजीयन अधिकारी से संपर्क कर मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं सहायता प्राप्त कर सकते हैं। दावे एवं आवेदन 30 अगस्त 2026 तक प्रस्तुत किए जा सकते हैं। इसके अलावा ईसीआईएनईटी ऐप पर बुक ए कॉल सुविधा या मतदाता हेल्पलाइन 1950 के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि नागरिक विशेष अभियान की तिथियों का लाभ उठाएं व मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाकर लोकतंत्र को मजबूत बनाएं।






