Saturday, August 29, 2026
HomeHaryanaशिविर लगाकर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाया जा...

शिविर लगाकर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है आयुष चिकित्सा का लाभ : डा. मंजू शर्मा

कुरूक्षेत्र, 29 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने कहा कि विभाग का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक आयुष चिकित्सा सेवाओं का लाभ पहुंचाना है। ऐसे शिविरों के माध्यम से हम न केवल बीमारियों का उपचार कर रहे हैं, बल्कि लोगों को सही खान-पान, योग और पारंपरिक आयुर्वेद पद्धतियों को अपनाकर एक स्वस्थ जीवन शैली जीने के लिए प्रेरित भी कर रहे हैं। भविष्य में भी जिले के विभिन्न ग्रामीण व मजदूर इलाकों में इस प्रकार के निःशुल्क शिविर निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।

आयुष विभाग हरियाणा महानिदेशक के दिशा निर्देश में एवं जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा के मार्ग दर्शन में राजकीय आयुर्वेद औषधालय मथाना द्वारा श्रीराम भट्टा पर एक दिवसीय निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा एवं परामर्श शिविर का सफल आयोजन किया गया। चिकित्सा शिविर का नेतृत्व जीएडी मथाना की आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. मीनाक्षी ने किया, जिसमें आयुर्वेद फार्मासिस्ट सुभाष चंद और योग सहायक अमृता देवी ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

शिविर के दौरान कुल 46 रोगियों के स्वास्थ्य की गहन जांच की गई और उन्हें आवश्यकतानुसार निःशुल्क आयुर्वेद दवाइयां वितरित की गईं। इस शिविर में मुख्य रूप से महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। डॉ. मीनाक्षी ने शिविर में पहुंची गर्भवती महिलाओं के लिए एक विशेष जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया। इसमें उन्होंने महिलाओं को हर महीने अस्पताल में अपनी नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने, उचित आराम करने और समय पर सही उपचार लेने के प्रति जागरूक किया। इसके साथ ही उन्होंने गर्भवती महिलाओं को अपने खानपान का विशेष ध्यान रखने की सलाह देते हुए आहार में हरी सब्जियां, दूध और ताजे फलों को शामिल करने के फायदे बताए।

शिविर में आए बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को ध्यान में रखते हुए उन्हें नियमित रूप से व्यायाम और योग करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। योग सहायक अमृता देवी की देखरेख में बच्चों को कई तरह के सरल योगाभ्यास और व्यायाम भी करवाए गए, जिससे बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। यह शिविर ग्रामीण व मजदूर वर्ग के लोगों को उनके घर के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और प्राकृतिक चिकित्सा सलाह प्रदान करने की दिशा में एक बेहद सराहनीय प्रयास रहा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments