नई दिल्ली, 01 सितंबर, 2026 (अमनदीप सरां): घरेलू एयरलाइंस के लिए एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ए.टी.एफ.) की कीमतों में 5.46 फीसदी यानी 6.28 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। इस इजाफे के बाद ATF की कीमत 121.28 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
यह लगातार दूसरा महीना है जब विमान ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे एयरलाइंस की परिचालन लागत बढ़ सकती है और इसका असर आने वाले दिनों में हवाई टिकटों की कीमतों पर पड़ने की संभावना है।
हालांकि, किराए में वास्तविक बढ़ोतरी यात्रियों की मांग, सीटों की उपलब्धता और एयरलाइंस के बीच प्रतिस्पर्धा पर निर्भर करेगी। विमानन क्षेत्र में ईंधन खर्च एयरलाइंस की कुल परिचालन लागत का बड़ा हिस्सा होता है।
इससे पहले 1 अगस्त को ए.टी.एफ के दाम 5 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए गए थे। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी को मौजूदा बढ़ोतरी की प्रमुख वजह माना जा रहा है।






