Sunday, October 11, 2026
HomeWorld Newsपेंटागन में बनेगा धार्मिक मामलों का नया कार्यालय, पीट हेगसेथ ने की...

पेंटागन में बनेगा धार्मिक मामलों का नया कार्यालय, पीट हेगसेथ ने की घोषणा

वॉशिंगटन, 2 अक्टूबर 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने पेंटागन में धार्मिक मामलों का कार्यालय (ओ.आर.ए.) स्थापित करने की घोषणा की है। नया कार्यालय सीधे रक्षा सचिव को रिपोर्ट करेगा और अमेरिकी सेना में धार्मिक सहायता तथा चैपलिन सेवाओं से जुड़े मामलों में उच्च स्तर पर समन्वय और सहयोग उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी निभाएगा। हेगसेथ ने मरीन कॉर्प्स बेस क्वांटिको में अपने ‘State of the Force स्टेट ओफ द फोरस’ संबोधन के दौरान कहा कि नए कार्यालय का उद्देश्य सैन्य चैपलिनों और धार्मिक सहायता को उच्च स्तर पर प्रभावी प्रतिनिधित्व देना है। उन्होंने धार्मिक एवं आध्यात्मिक तैयारी को सैन्य सेवा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।

पेंटागन के अनुसार, ओ.आर.ए. चैपलिन सेवाओं के लिए संसाधनों और नीतिगत सहायता को बेहतर बनाने की दिशा में काम करेगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि कार्यालय किसी भी सैन्यकर्मी को धार्मिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए बाध्य नहीं करेगा, किसी एक धर्म को प्राथमिकता नहीं देगा और किसी भी धर्म को मानने वाले अथवा किसी धर्म को न मानने वाले सैन्यकर्मियों के अधिकारों को कम नहीं करेगा।

हालांकि, इस घोषणा के बाद धार्मिक स्वतंत्रता से जुड़े कुछ संगठनों ने चिंताएं भी व्यक्त की हैं। आलोचकों का कहना है कि पेंटागन में धार्मिक मामलों को नया और सीधे उच्च प्रशासनिक स्तर पर स्थान देने से यह सवाल उठ सकता है कि विभिन्न धार्मिक और गैर-धार्मिक पृष्ठभूमि वाले सैन्यकर्मियों के बीच समानता कैसे सुनिश्चित की जाएगी। नए कार्यालय के निदेशक की नियुक्ति अभी नहीं हुई है। पेंटागन के ज्ञापन के अनुसार, निदेशक आध्यात्मिक संसाधनों से जुड़ी कई पहलों का समन्वय करेगा। इनमें सैन्य परिवारों के लिए faith-based होमस्कूल स्पोरट तथा विभाग स्तर पर आत्महत्या रोकथाम से जुड़ी faith-based initiatives भी शामिल हैं।

हेगसेथ ने चैपलिन कॉर्प्स में भी कई बदलाव किए हैं। रिपोर्टों के अनुसार, चैपलिनों को अपनी वर्दी पर रैंक के बजाय धार्मिक पहचान दर्शाने वाले चिन्हों का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, रक्षा विभाग द्वारा आधिकारिक रूप से मान्यता प्राप्त धार्मिक संबद्धताओं की संख्या 200 से अधिक से घटाकर 31 किए जाने की जानकारी सामने आई है।

क्वांटिको में अपने संबोधन के दौरान हेगसेथ ने चैपलिनों से उनकी धार्मिक सेवा के प्रति प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया। उन्होंने अपने भाषण में बाइबल की एक आयत का भी उल्लेख किया और कहा कि सैन्य सेवा में आध्यात्मिक पहलू को अधिक महत्व दिया जाना चाहिए।

पेंटागन में नए धार्मिक मामलों के कार्यालय की स्थापना को हेगसेथ द्वारा किए जा रहे व्यापक प्रशासनिक और नीतिगत बदलावों की एक और कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। वहीं, आलोचक इस पहल के धार्मिक स्वतंत्रता और सैन्य संस्थानों में धर्म की भूमिका पर संभावित प्रभाव को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments