संगरूर, 08 अक्टूबर 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): टी.बी. मुक्त भारत अभियान को और मजबूत करने के उद्देश्य से डिप्टी कमिश्नर पूनमदीप कौर के दिशा-निर्देशों के तहत सहायक कमिश्नर (जनरल) राजबीर सिंह भंगू और सिविल सर्जन संगरूर डॉ. अमरजीत कौर के नेतृत्व में जिला स्तर पर ‘जोश’ कार्यक्रम के ऑनलाइन उद्घाटन समारोह में भाग लिया गया।
इस अवसर पर टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों को उनके द्वारा निभाई जा रही महत्वपूर्ण भूमिका के लिए सम्मानित किया गया।
केंद्रीय स्तर पर शुरू की गई इस पहल के तहत ‘जोश’ टीमें ब्लॉक/वार्ड स्तर पर कार्य करेंगी। प्रत्येक टीम में पांच ‘माई भारत’ स्वयंसेवक और पांच एनसीसी कैडेट शामिल होंगे। इन टीमों का मार्गदर्शन जिला टीबी अधिकारी डॉ. राजिंदर कौर और मेडिकल अधिकारी डॉ. मलकीत सिंह द्वारा किया जाएगा।
इन टीमों का मुख्य उद्देश्य लोगों में टीबी के संबंध में जागरूकता पैदा करना तथा सामुदायिक स्तर पर टीबी की रोकथाम और मरीजों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को और अधिक प्रभावी बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित टीम सदस्यों और सहयोगियों को टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य में अपनी भूमिका निभाने तथा जागरूकता गतिविधियों को गांवों और विभिन्न समुदायों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर ‘निक्षय मित्रों’ और टी.बी. चैंपियनों द्वारा दी जा रही सेवाओं की भी सराहना की गई।





