संगरूर, 8 अक्टूबर 2026 (छत्रपाल सिंह): भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत जिला संगरूर में चल रही एसआईआर-2026 के अंतर्गत मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण की प्रक्रिया का निरीक्षण करने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब द्वारा नियुक्त इलेक्शन रोल ऑब्जर्वर श्री वरिंदर कुमार शर्मा, आईएएस, सचिव-कम-निदेशक, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने जिले के दौरे के दौरान पूरी प्रक्रिया की विस्तारपूर्वक समीक्षा की।
इस अवसर पर उन्होंने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों 99-लहरागागा, 100-दिड़बा और 101-सुनाम के सभी निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों के साथ बैठक की। निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी-विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 101-सुनाम-कम-उप मंडल मजिस्ट्रेट, सुनाम श्री गगनदीप सिंह ने इलेक्शन रोल ऑब्जर्वर का स्वागत करते हुए जिले में मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण के तहत प्राप्त दावों और आपत्तियों के निपटारे की प्रगति के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा और दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी प्रक्रिया को संपन्न किया जा रहा है। श्री वरिंदर कुमार शर्मा ने नोटिस चरण, प्राप्त दावों एवं आपत्तियों, उनके निपटारे तथा मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) का उद्देश्य सही और त्रुटिरहित मतदाता सूचियां तैयार करना है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना सुनिश्चित किया जाए और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो।
बैठक में निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी-विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 099-लहरागागा-कम-उप मंडल मजिस्ट्रेट, लहरागागा श्री राकेश प्रकाश, निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी-विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 100-दिड़बा-कम-उप मंडल मजिस्ट्रेट, दिड़बा श्री तरसेम चंद, निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी-विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 101-सुनाम-कम-उप मंडल मजिस्ट्रेट, सुनाम श्री गगनदीप सिंह के अलावा चुनाव तहसीलदार परमजीत कौर सहित चुनाव स्टाफ उपस्थित रहा।





