फतेहाबाद, 10 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): शांति निकेतन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ढिंगसरा में आज कक्षा 11वीं फाउंडेशन के विद्यार्थियों के लिए अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) का आयोजन किया गया। बैठक में विद्यार्थियों के अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और बच्चों की शैक्षणिक प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री रणसिंह जी रेपस्वाल एवं डायरेक्टर श्री विजय सिंह बाघेला ने अभिभावकों के साथ विद्यार्थियों की पढ़ाई, परीक्षा परिणाम तथा भविष्य की करियर योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने बताया कि कक्षा 11वीं फाउंडेशन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को नियमित स्कूली शिक्षा के साथ-साथ भविष्य की प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रारंभ से ही तैयार करना है। इस कक्षा में विद्यार्थियों को कक्षा 11वीं के पाठ्यक्रम की पढ़ाई के साथ-साथ नीट, जेईई एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर विशेष ध्यान दिया जाता है। इससे विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक नींव मजबूत करने और प्रतियोगी परीक्षाओं के स्वरूप को समझने का अवसर मिलता है।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की तैयारी का नियमित मूल्यांकन करने के लिए प्रत्येक महीने दो बार नीट एवं जेईई से संबंधित परीक्षाएं आयोजित की जाती हैं। इन परीक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थियों की विषयवार तैयारी, प्रश्नों को हल करने की क्षमता तथा प्रदर्शन का आकलन किया जाता है। परीक्षाओं के परिणाम अभिभावकों के साथ सांझा किए जाते हैं, ताकि उन्हें अपने बच्चों की प्रगति, कमजोर विषयों और सुधार की आवश्यकता वाले क्षेत्रों के बारे में सही जानकारी मिल सके। विद्यालय का उद्देश्य अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करके विद्यार्थियों के प्रदर्शन में निरंतर सुधार करना है।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को समय-समय पर नियमित अध्ययन, अनुशासन, समय प्रबंधन तथा प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप प्रश्नों का अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया जाता है। विद्यालय में इस बात पर विशेष जोर दिया जाता है कि विद्यार्थी केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहें, बल्कि उनमें तार्किक क्षमता, विषयों की गहरी समझ और आत्मविश्वास का भी विकास हो, जिससे वे भविष्य में होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं का बेहतर तरीके से सामना कर सकें। उन्होंने बताया कि कक्षा 11वीं से ही प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्थित तैयारी शुरू करवाने का उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना तथा उन्हें अपने पसंदीदा करियर क्षेत्र में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर प्रदान करना है। विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की पढ़ाई में नियमित रुचि लें और शिक्षकों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखें। इस प्रकार शांति निकेतन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य और बेहतर करियर निर्माण की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।





