कुरुक्षेत्र, 10 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डा. मंजू शर्मा ने कहा कि आयुष हरियाणा के दिशा-निर्देशानुसार एवं प्रशासन के तत्वावधान में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य में आयुष ग्राम कलाल माजरा में नि:शुल्क आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि सरपंच कलाल माजरा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस शिविर में कुल 89 मरीजों को चिकित्सा सेवाएं प्रदान की गईं, जिनमें 53 आयुर्वेदिक तथा 36 होम्योपैथिक ओपीडी के मरीज शामिल रहे। ग्रामीणों को नि:शुल्क चिकित्सा परामर्श एवं आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी दी गई।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डा. मंजू शर्मा ने कहा कि विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के महत्व को ध्यान में रखते हुए लोगों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही, योग सत्र के माध्यम से तनाव प्रबंधन, मानसिक शांति तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस शिविर में डॉ. संतोष आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी, डॉ. महिंदर, होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी, नेहा आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट, अनुराधा, होम्योपैथिक फार्मासिस्ट, राय सिंह आयुष योग सहायक, बेबी रानी तथा अशोक कुमार ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
उन्होंने कहा कि इसके साथ ही जिले के सभी आयुष संस्थानों में आयुष चिकित्सकों द्वारा आउटरीच कैंप का भी आयोजन किया गया, जिसमें कुल 400 से अधिक लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इसी कडी में सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत आज ब्लॉक शाहाबाद में देवी मंदिर, शाहाबाद मारकंडा में मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में पवन कुमार, प्रधान, माता बालासुंदरी मंदिर समिति एवं डॉ. अमृत लाल, पूर्व आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।
उन्होंने कहा कि इस शिविर में कुल 353 मरीजों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। जिसमें आयुर्वेदिक ओपीडी में 251 तथा होम्योपैथिक ओपीडी में 102 मरीजों की जांच कर उन्हें नि:शुल्क परामर्श एवं औषधियां प्रदान की गईं। स्वास्थ्य परामर्श के साथ-साथ शिविर में योग सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसका संचालन योग सहायक कर्मवीर एवं देवेंद्र द्वारा किया गया। इस शिविर में डॉ. विरेंद्र , डॉ. पारिका , डॉ. आश्मी ,धर्मवीर (आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट), अरुण कुमार (होम्योपैथिक फार्मासिस्ट), कर्मवीर एवं देवेंद्र (योग सहायक) ने सेवाएं प्रदान कीं।

उन्होंने कहा कि इसके साथ ही सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत व्यायामशाला मुकुरपुर में योग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि सरपंच सतबीर कौर की उपस्थिति में 37 योग साधकों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को नियमित योगाभ्यास के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। इसी क्रम में शांतिनगर (कुड़ी) योगशाला में भी योग सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि पंच त्रासेम सिंह वर्मा को भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया। इस योग सत्र में कुल 22 योग साधकों ने भाग लिया।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य, शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है। तनावपूर्ण जीवनशैली के इस दौर में योग, प्राणायाम और आयुर्वेद आधारित स्वस्थ दिनचर्या को अपनाकर मानसिक संतुलन बनाए रखने में सहायता मिल सकती है। आयुष विभाग का उद्देश्य चिकित्सा सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और रोगों की रोकथाम के लिए प्रेरित करना है।





