Monday, October 12, 2026
HomeHaryanaसरकार सिंचाई की बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध : श्रुति...

सरकार सिंचाई की बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध : श्रुति चौधरी

सिंचाई एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री ने झज्जर में 11 विकास योजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास

झज्जर, 12 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा):  हरियाणा की सिंचाई एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने रविवार को झज्जर स्थित सिंचाई विश्राम गृह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सिंचाई विभाग की 10 महत्वपूर्ण योजनाओं का उद्घाटन किया और एक परियोजना का शिलान्यास किया। इन 11 विकास योजनाओं की कुल लागत लगभग 37.50 करोड़ रुपये है। इन योजनाओं से जिले के विभिन्न गांवों में जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी तथा खेतों में जलभराव और बाढ़ के पानी की निकासी में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम स्थल पर पौधरोपण भी किया गया। इससे पहले कार्यक्रम में पहुंचने पर एसडीएम रवि मीणा और सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता सतीश कुमार ने सिंचाई मंत्री का स्वागत किया। उन्होंने जिले भर में चल रही सिंचाई संबंधी योजनाओं और परियोजनाओं के बारे में जानकारी दी।

सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों की रक्षा और कृषि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि सिंचाई और जल निकासी से संबंधित परियोजनाओं के माध्यम से किसानों को राहत देने तथा कृषि भूमि को जलभराव से बचाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

कैबिनेट मंत्री ने 428.83 लाख रुपये की लागत से बिसाहन लिंक नाले पर टेल रेगुलेटर सहित 50 क्यूसेक क्षमता वाले पंप हाउस, 839.25 लाख रुपये की लागत से कासनी लिंक नाले के निर्माण और 687.99 लाख रुपये की लागत से नीलाहेड़ी गांव में भूजल स्तर कम करने के लिए ट्यूबवेल संबंधी योजना का उद्घाटन किया।

इसके अलावा, गांव अकेहड़ी-मदनपुर में 225.34 लाख रुपये और 215.24 लाख रुपये की लागत से बनाई गई दो भूमिगत एचडीपीई पाइपलाइन लिंक ड्रेन योजनाओं का उद्घाटन किया गया। जेएलएन फीडर पर 97.41 लाख रुपये की लागत से स्थापित 20 क्यूसेक और 10 क्यूसेक क्षमता वाले पंप सेट भी चालू किए गए।

उन्होंने गांव दुबलधन (घिक्यान) क्षेत्र में 362.32 लाख रुपये की लागत से बाढ़ के पानी की निकासी, दुबलधन (बिध्यान) लिंक नाले का 86.39 लाख रुपये की लागत से निर्माण, कासनी माइनर से नाला नंबर-8 तक 318.49 लाख रुपये की लागत से पाइपलाइन बिछाने तथा मुंडाहेड़ा गांव के खेतों से जेएलएन एस्केप चैनल तक 226.07 लाख रुपये की लागत से बनाई गई आरसीसी पाइपलाइन योजनाओं का भी उद्घाटन किया।

कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने ढाकला, चंदोल और सुखपुर गांवों में बाढ़ के पानी की निकासी के लिए 263.17 लाख रुपये की लागत से नाला नंबर-8 तक 1000 मिलीमीटर व्यास की आरसीसी पाइपलाइन बिछाने की परियोजना का शिलान्यास किया। इस परियोजना से संबंधित गांवों में वर्षा के पानी की निकासी सुगम होगी और किसानों को जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।

इन विकास योजनाओं से रिटौली, कबूलपुर, गोच्छी, बिसाहन, बेरी, बाकरा, नीलाहेड़ी, अकेहड़ी-मदनपुर, अच्छेज, सफीपुर, मलिकपुर, गोधड़ी, सिवाना माजरा, दुबलधन, बिठला, लड़ायन, बिरहड़, मुंडाहेड़ा और चढ़वाना सहित विभिन्न गांवों को लाभ मिलेगा।

जल निकासी की बेहतर व्यवस्था होने से खेतों में पानी जमा होने की समस्या कम होगी और कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments