‘साडे बुजुर्ग साडा मान’ अभियान के तहत वरिष्ठ नागरिकों के लिए लगाया गया निःशुल्क स्वास्थ्य एवं मेडिकल कैंप
फतेहगढ़ साहिब,12 अक्टूबर 2026 (छत्रपाल सिंह): बुजुर्ग हमारे समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा तथा सम्मान को सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यह बात विधायक एडवोकेट लखबीर सिंह राय ने बचत भवन में वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयोजित जिला स्तरीय निःशुल्क स्वास्थ्य एवं मेडिकल कैंप के दौरान संबोधित करते हुए कही।
विधायक राय ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा बुजुर्गों के कल्याण और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से ‘साडे बुजुर्ग साडा मान’ अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।

इस अवसर पर विधायक राय ने बुजुर्गों की स्वास्थ्य देखभाल और उनके कल्याण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि कैंप के दौरान वरिष्ठ नागरिकों को आंखों की जांच, सामान्य स्वास्थ्य जांच, हड्डियों की जांच तथा कान, नाक और गले से संबंधित जांच सहित विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध करवाई गईं।
इसके अलावा, आयुर्वेदिक और होम्योपैथिक उपचार की सुविधाएं भी प्रदान की गईं। जरूरत के अनुसार बुजुर्गों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं और जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को चश्मे भी दिए गए।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त (जनरल) श्रीमती अमरबीर कौर भुल्लर, जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्रीमती जोबनदीप कौर, एसएमओ डॉ. जसप्रीत सिंह बेदी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।






