चंडीगढ़, 15 अक्टूबर 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की दिनदहाड़े हत्या के मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई है। सिरसा निवासी समाजसेवी हुकम सिंह ने मामले की जांच पंजाब पुलिस से लेकर हाईकोर्ट की निगरानी में सीबीआई को सौंपने की मांग की है।
याचिका में आरोप लगाया गया है कि आरोपी की मेडिकल दुकान पर पहले भी कई बार छापेमारी हुई और उसका लाइसेंस निलंबित किया गया, इसके बावजूद कथित तौर पर नशीली दवाओं की बिक्री जारी रही। याचिकाकर्ता ने हथियार लाइसेंस जारी करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और पुलिस की भूमिका की जांच कराने की भी मांग की है।
इसके अलावा, मृतक के परिवार और घायल गवाहों को सुरक्षा देने तथा घटना के दौरान पुलिस की कथित देरी की जांच करने की अपील की गई है। घटना के बाद पंजाब के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन जारी हैं। मामले में हाईकोर्ट में जल्द सुनवाई होने की संभावना है।






