Thursday, November 5, 2026
HomePatialaनवरात्रों के पावन अवसर पर माता श्री काली देवी मंदिर में पहली...

नवरात्रों के पावन अवसर पर माता श्री काली देवी मंदिर में पहली बार आयोजित ऐतिहासिक माता की चौकी ने श्रद्धालुओं को माता रानी के रंग में रंगा

पटियाला, 19 अक्टूबर 2026 (छत्रपाल सिंह): पटियाला के प्राचीन माता श्री काली देवी मंदिर में नवरात्रों के पावन अवसर पर इस बार पहली बार आयोजित की जा रही आठ दिवसीय ऐतिहासिक माता की चौकी ने श्रद्धालुओं को माता रानी की भक्ति के रंग में रंग दिया है। इस चौकी की सेवा मंदिर एडवाइजरी मैनेजमेंट कमेटी ने अहम जिम्मेदारी के रूप में पीआरटीसी के चेयरमैन हरपाल जुनेजा को सौंपी है, जिसे वे पूरी श्रद्धा और समर्पण भाव से निभा रहे हैं।
माता की चौकी के दौरान बहावलपुर महासंघ के अध्यक्ष श्री रामचंद रामा ने ज्योति प्रचंड कर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर बहावलपुर महासंघ के सभी पदाधिकारियों ने भी शिरकत की। आठ दिवसीय इस पावन चौकी के दौरान विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी प्रतिदिन पहुंचकर ज्योति प्रचंड कर रहे हैं और माता रानी के चरणों में नतमस्तक होकर सबकी सुख-समृद्धि एवं कल्याण की प्रार्थना कर रहे हैं।
हरपाल जुनेजा ने कहा कि प्राचीन माता श्री काली देवी मंदिर में चल रहे नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण के कार्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। मंदिर के विकास कार्यों पर बड़े स्तर पर खर्च किया जा रहा है और इसके नए स्वरूप से मंदिर की भव्यता में और वृद्धि हो रही है। नवरात्रों के दौरान पहली बार आठ दिवसीय माता की चौकी आयोजित होने से सनातन धर्म से जुड़े श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
हरपाल जुनेजा ने बताया कि इस बार शहर के साथ-साथ आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता रानी के दर्शन करने पहुंच रहे हैं। प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु प्राचीन माता श्री काली देवी मंदिर में माथा टेककर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
इस दौरान नए लंगर भवन में श्रद्धालुओं के लिए किए गए सुव्यवस्थित प्रबंध भी उन्हें बेहतर सुविधाएं प्रदान कर रहे हैं। मंदिर में नवनिर्मित लंगर भवन में संगत की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। यहां एक समय में लगभग 1,000 से 1,500 श्रद्धालु बैठकर लंगर ग्रहण कर सकते हैं। प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु लंगर ग्रहण कर रहे हैं। श्रद्धालु जहां माता रानी के दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं, वहीं मंदिर के नवीनीकरण और लंगर भवन में किए गए प्रबंधों की भी भरपूर सराहना कर रहे हैं।
हरपाल जुनेजा ने कहा कि माता रानी की कृपा से इस पावन आयोजन में श्रद्धालुओं का भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। विभिन्न धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारियों और सेवादारों से मिल रहे सहयोग के कारण इस सेवा को और भी बेहतर एवं सुव्यवस्थित ढंग से निभाया जा रहा है।
उन्होंने माता रानी के चरणों में प्रार्थना की कि माता रानी सभी की झोलियां खुशियों से भरें, हर परिवार को सुख-शांति, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली प्रदान करें तथा समस्त मानवता पर अपनी कृपा बनाए रखें।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments