Tuesday, November 24, 2026
HomeHaryanaअधिकारी स्कूलों को गोद लेकर पोर्टल पर अपलोड करेंगे विजिट रिपोर्ट :...

अधिकारी स्कूलों को गोद लेकर पोर्टल पर अपलोड करेंगे विजिट रिपोर्ट : विश्राम कुमार मीणा

Haryana officials to adopt schools, conduct regular inspections and upload visit reports on the MIS portal to improve education standards and infrastructure.

अब एमआईएस पोर्टल पर अधिकारियों के स्कूल दौरों का पूरा रिकॉर्ड होगा उपलब्ध

कुरुक्षेत्र, 24 नवंबर, 2026 (संजीव शर्मा): उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि हरियाणा के स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से एमआईएस पोर्टल पर स्कूल विजिट मॉड्यूल तैयार किया गया है। इस मॉड्यूल के माध्यम से अब अधिकारी स्कूलों को गोद लेकर उनका दौरा करेंगे और अपनी रिपोर्ट ऑनलाइन दर्ज करेंगे। इससे स्कूलों की वास्तविक स्थिति, व्यवस्थाओं और कमियों के बारे में विभाग को समय पर सही जानकारी मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की इच्छा है कि प्रदेश के किसी भी स्कूल में बुनियादी सुविधाओं की कमी न रहे। इस दिशा में जिला प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। स्कूल विजिट मॉड्यूल से स्कूलों की निगरानी व्यवस्था अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनेगी।

उपायुक्त सोमवार को लघु सचिवालय के बैठक हॉल में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिले के सभी विभागीय अधिकारी, उपमंडल अधिकारी, तहसीलदार, बीडीपीओ और अन्य अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के स्कूलों को गोद लेकर नियमित रूप से उनका दौरा करेंगे और अपनी रिपोर्ट एमआईएस पोर्टल पर अपलोड करेंगे। इससे स्कूलों में सुधार की प्रक्रिया तेज होगी और विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा का माहौल मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि सभी अधिकारियों को एमआईएस पोर्टल पर स्कूल विजिट मॉड्यूल का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारी hryedumis.gov.in पर जाकर ‘ऑफिसर लॉगिन (फॉर स्कूल विजिट)’ लिंक के माध्यम से लॉगिन कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि अधिकारी एमआईएस पोर्टल पर उपलब्ध रजिस्टर लिंक के माध्यम से अपने लॉगिन विवरण तैयार कर सकते हैं। पंजीकरण फॉर्म में सभी आवश्यक जानकारी भरने के बाद सिस्टम की ओर से मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से लॉगिन विवरण भेजे जाएंगे। ये विवरण प्राप्त होने के बाद अधिकारी अपना यूजरनेम और पासवर्ड दर्ज करके पोर्टल पर लॉगिन कर सकेंगे। इसके बाद ‘ऑफिसर लॉगिन (फॉर स्कूल विजिट)’ पर क्लिक करके स्कूल विजिट मॉड्यूल में अपनी रिपोर्ट अपलोड कर सकेंगे।

उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि लॉगिन करने के बाद अधिकारी ‘असाइन न्यू स्कूल’ बटन पर क्लिक करके किसी स्कूल को गोद ले सकते हैं। अधिकारी जिले या ब्लॉक के आधार पर स्कूलों का चयन कर सकते हैं। वे अपनी आवश्यकता के अनुसार कितने भी स्कूलों को गोद ले सकते हैं या दौरे के लिए चुन सकते हैं। स्कूल गोद लेने के बाद ‘विजिट’ बटन पर क्लिक करके दौरे का विवरण दर्ज किया जा सकता है। अधिकारी को स्कूल के संबंध में अपनी प्रतिक्रिया और निरीक्षण रिपोर्ट तस्वीरों तथा पीडीएफ फाइलों सहित अपलोड करनी होगी। उन्होंने कहा कि ‘री-विजिट’ विकल्प के माध्यम से अधिकारी जितनी बार चाहें, स्कूल दौरे की रिपोर्ट दर्ज कर सकते हैं। इसके साथ ही ‘व्यू हिस्ट्री’ विकल्प के माध्यम से पहले किए गए दौरों का पूरा रिकॉर्ड भी देखा जा सकता है।

उन्होंने बताया कि अधिकारी ‘असाइन/एडॉप्ट स्कूल’ के अलावा किसी भी रैंडम स्कूल का चयन करके भी अपने दौरे की रिपोर्ट दर्ज कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त ‘रिलीज’ विकल्प के माध्यम से गोद लिए गए स्कूल को छोड़ा भी जा सकता है। लॉगिन पेज पर ‘फॉरगेट पासवर्ड’ विकल्प के जरिए ओटीपी सत्यापन की सहायता से पासवर्ड बदलने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने बताया कि किसी भी तकनीकी समस्या के लिए अधिकारी एमआईएस हेल्पडेस्क के नंबर 0172-5049801 पर संपर्क कर सकते हैं। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्कूलों का दौरा करके विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों से बातचीत करें तथा स्कूलों की वास्तविक समस्याओं की जानकारी पोर्टल पर दर्ज करें, ताकि समय रहते आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments