Thursday, August 27, 2026
HomeWorld Newsस्विट्ज़रलैंड के क्रांस-मोंटाना स्की रिज़ॉर्ट में भीषण आग

स्विट्ज़रलैंड के क्रांस-मोंटाना स्की रिज़ॉर्ट में भीषण आग

नए साल के जश्न के दौरान करीब 40 लोगों की मौत

स्विट्ज़रलैंड, 1 जनवरी 2026 : स्विट्ज़रलैंड के लग्ज़री अल्पाइन स्की रिज़ॉर्ट कस्बे क्रांस-मोंटाना में नए साल के जश्न के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां ‘ले कॉन्स्टेलेशन’ नामक एक प्रसिद्ध बार में लगी भीषण आग के कारण करीब 40 लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।

स्विस पुलिस ने शुरुआत में “कई दर्जन” लोगों के मारे जाने की पुष्टि की थी, वहीं इटली के विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में बताया कि मृतकों की संख्या लगभग 40 है। हादसे के समय बार में 100 से ज्यादा लोग मौजूद थे, जिनमें अधिकांश नए साल की छुट्टियां मनाने आए पर्यटक थे।

यह आग सुबह करीब 1:30 बजे (0030 GMT) उस समय लगी, जब नए साल के जश्न पूरे जोरों पर थे। स्विस पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह कोई आतंकी हमला नहीं था, बल्कि आग लगने की घटना थी।

हालांकि आग लगने के सटीक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन स्विस मीडिया के अनुसार आशंका जताई जा रही है कि संगीत कार्यक्रम के दौरान आतिशबाजी के इस्तेमाल के कारण आग भड़की हो सकती है।

घटना के बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और आपातकालीन सेवाओं को तुरंत मौके पर तैनात किया गया। कई हेलीकॉप्टरों की मदद से राहत और बचाव कार्य चलाया गया। प्रशासन ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और मामले की गहन जांच जारी है।

इस भीषण हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर है और नए साल की खुशियां मातम में बदल गई हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments