मोटर पंप लगवाकर निकलवाया जमा हुआ पानी, नई पाइप लाइन डालकर दिया पक्का समाधान
गहरा इलाका होने के कारण आ रही थी दिक्कत; 2000 से अधिक निवासियों ने ली चैन की सांस
पटियाला, 5 अप्रैल, 2026: शाही शहर पटियाला की न्यू महिंद्रा कॉलोनी में सीवरेज के गंदे पानी की मार झेल रहे लोगों के लिए मेयर कुंदन गोगिया एक बार फिर ‘मसीहा’ बनकर पहुंचे हैं। अपनी परंपरा को बरकरार रखते हुए, मेयर छुट्टी वाले दिन भी खुद मौके पर पहुंचकर ‘ऑन ड्यूटी’ रहे और व्यक्तिगत रुचि लेकर इलाके की इस गंभीर समस्या का निपटारा करवाया।
गौरतलब है कि न्यू महिंद्रा कॉलोनी का क्षेत्र भौगोलिक रूप से गहरा होने के कारण यहाँ अक्सर सीवरेज का गंदा पानी जमा हो जाता था, जिससे बीमारियाँ फैलने का डर बना हुआ था। मेयर कुंदन गोगिया ने मौके पर ही नगर निगम की टीमों को बुलाकर मोटर पंप लगवाया और खड़े गंदे पानी को बाहर निकलवाया। इसके साथ ही पानी की निकासी को सुचारू बनाने के लिए आवश्यकतानुसार नए पाइप भी डाले गए।
2000 से अधिक लोगों को मिली राहत
इस त्वरित कार्रवाई से कॉलोनी के 2000 से अधिक निवासियों ने चैन की सांस ली है। इलाका निवासियों ने मेयर का धन्यवाद करते हुए कहा कि वे पहली बार ऐसा मेयर देख रहे हैं जो दफ्तरों में बैठने के बजाय खुद गंदगी वाली जगहों पर खड़े होकर काम करवाते हैं। लोगों के अनुसार मेयर के इस कदम से अब उन्हें नर्क भरी जिंदगी से छुटकारा मिला है।
मीडिया से बातचीत करते हुए मेयर कुंदन गोगिया ने कहा, “मेरा मकसद सिर्फ मेयर की कुर्सी पर बैठना नहीं, बल्कि पटियाला के हर नागरिक की समस्या को हल करना है। न्यू महिंद्रा कॉलोनी के लोगों की तकलीफ मेरी अपनी तकलीफ थी।” उन्होंने आश्वासन दिया कि शहर के अन्य गहरे इलाकों में भी सीवरेज व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विशेष योजना तैयार की जा रही है ताकि आने वाले मानसून के दौरान लोगों को कोई दिक्कत न आए।
इस अवसर पर नगर निगम से राजेश (जेई), कार्तिक (जेई), मनीष (एसडीओ) और अन्य अधिकारी तथा कॉलोनी के गणमान्य सज्जन भी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
फोटो: सीवरेज पानी की समस्या का समाधान करवाते हुए मेयर कुंदन गोगिया और नगर निगम की टीमें।