डोगरा मोहल्ला में घर-घर सर्वे और मेडिकल कैंप जारी, स्वास्थ्य मंत्री ने किया निरीक्षण
लोगों की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध : डॉ. बलबीर सिंह
पटियाला, 12 जून, 2026 : पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने आज पटियाला के डोगरा मोहल्ला, सरहंदी गेट क्षेत्र में पीलिया (हेपेटाइटिस-ए) के मामलों की सूचना मिलने पर स्वयं पूरी टीम के साथ प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया और दूषित पानी से बीमार हुए लोगों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों से भी मुलाकात की।
इस अवसर पर उनके साथ पटियाला शहरी के विधायक अजीतपाल सिंह कोहली, मेयर कुंदन गोगिया, नगर निगम आयुक्त परमजीत सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त नवरीत कौर सेखों, संयुक्त आयुक्त मनरीत राणा, कार्यकारी सिविल सर्जन डॉ. कुशलदीप कौर तथा नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि अब तक पीलिया (हेपेटाइटिस-ए) के 15 मामलों की पुष्टि हुई है। इनमें से 5 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं और डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है, जबकि अन्य मरीजों का इलाज घर पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग सभी मरीजों पर लगातार नजर बनाए हुए है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि पंजाब सरकार हालात पर लगातार निगरानी रख रही है तथा प्रभावित परिवारों को हर आवश्यक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि डेंगू, चिकनगुनिया, डायरिया और जलजनित अन्य बीमारियों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए पंजाब सरकार द्वारा राज्य और जिला स्तर पर बहु-विभागीय समितियां गठित की गई हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में पेयजल संबंधी कोई समस्या सामने आती है तो उसका तुरंत समाधान सुनिश्चित किया जाता है।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्र में दो दिन पहले शाम से ही मेडिकल कैंप स्थापित कर दिया था, जो लगातार जारी है। इसके साथ ही आशा वर्करों और एएनएम टीमों द्वारा घर-घर सर्वे कर लोगों की स्वास्थ्य स्थिति की निगरानी की जा रही है। घरों में क्लोरीन की गोलियां और ओआरएस के पैकेट वितरित किए जा रहे हैं ताकि बीमारी के फैलाव को रोका जा सके।
डॉ. बलबीर सिंह ने लोगों से अपील की कि यदि पानी में दुर्गंध, रंग में बदलाव या किसी प्रकार की गड़बड़ी महसूस हो तो तुरंत स्वास्थ्य विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचित करें, ताकि पानी के नमूनों की जांच कर समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने यह भी अपील की कि अवैध पानी कनेक्शन न करवाए जाएं और टुल्लू पंपों का उपयोग न किया जाए, क्योंकि इससे जल आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है और दूषित पानी की समस्या पैदा हो सकती है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार लोगों के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रभावित क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और प्रत्येक जरूरतमंद तक समय पर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।