पटियाला, 28 जुलाई 2026 (जगदेव सिंह जग्गी): पटियाला के त्रिपड़ी इलाके स्थित एकता विहार में सीवरेज की सफाई के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसमें जहरीली गैस की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान भोला और सनी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवकों को गंभीर हालत में तुरंत सरकारी राजिंदरा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचीं नगर निगम की एमसी दविंदर कौर ने बताया कि हादसा रात करीब 9 बजे हुआ। उन्होंने स्पष्ट किया कि मृतक नगर निगम के कर्मचारी नहीं थे, बल्कि वे निजी तौर पर सीवरेज सफाई का काम कर रहे थे।
वहीं, मृतकों के परिजनों का कहना है कि सनी, भोला को अपने साथ सीवरेज की सफाई के लिए लेकर गया था। काम के दौरान दोनों जहरीली गैस की चपेट में आ गए, जिसके कारण उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और जिम्मेदारी तय होने की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर सीवरेज सफाई के दौरान सुरक्षा इंतजामों और आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।






