Thursday, August 27, 2026
HomePatialaपटियाला में 68 करोड़ रुपये की नहरी परियोजना का उद्घाटन

पटियाला में 68 करोड़ रुपये की नहरी परियोजना का उद्घाटन

पटियाला, 30 जुलाई,2026 (अनिल कुमार भारती): पंजाब के जल संसाधन मंत्री श्री बरिंदर गोयल तथा हलका सनौर के इंचार्ज रणजोध सिंह हडाणा ने गांव हडाणा में 68 करोड़ रुपये की लागत से 106.72 किलोमीटर लंबे 5 रजवाहों एवं माइनरों को पक्का करने की परियोजना का उद्घाटन किया, जिससे नहरी पानी टेल तक पहुंचेगा। इस अवसर पर विधायक गुरलाल घनौर भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान गांव हडाणा में हलके के निवासियों के विशाल जनसमूह ने कैबिनेट मंत्री का स्वागत किया।


इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए बरिंदर गोयल ने कहा कि अब सनौर हलके के 79 गांवों की 96,598 एकड़ भूमि को सिंचाई के लिए नहरी पानी मिलेगा। उन्होंने अफसोस जताया कि पिछली सरकारों ने किसानों के खेतों तक नहरी पानी पहुंचाने के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किया। बरिंदर गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार प्रदेश के लोगों और किसानों की वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए कार्य कर रही है तथा प्रदेश के भूजल को बचाने के उद्देश्य से नहरी पानी के अधिकतम उपयोग को सुनिश्चित किया जा रहा है।
जल संसाधन, खनन एवं भू-विज्ञान तथा भूमि एवं जल संरक्षण मंत्री ने बताया कि सनौर हलके में आज 28.76 किलोमीटर घड़ाम रजवाहा सिस्टम, 18.13 किलोमीटर फतेहपुर माइनर, 29.97 किलोमीटर सनौर रजवाहा, 14.93 किलोमीटर उदेपुर माइनर तथा 14.93 किलोमीटर बलबेड़ा माइनर को पक्का करने का कार्य पूरा कर लिया गया है।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि इसके अतिरिक्त सनौर हलके में 9 करोड़ रुपये की लागत से बलबेड़ा तथा सनौर रजवाहों के विभिन्न मोगों पर 34.78 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है, जिससे 2,728 एकड़ अतिरिक्त भूमि नहरी सिंचाई के दायरे में आ जाएगी। नहरी परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए रणजोध सिंह हडाणा ने कहा कि मान सरकार द्वारा इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र के अंतिम छोर तक स्थित खेतों को भी पर्याप्त नहरी पानी मिलेगा। इससे किसानों की सिंचाई लागत में कमी आएगी तथा फसलों की पैदावार में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने क्षेत्र की लंबे समय से लंबित नहरी पानी की मांगों को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान तथा कैबिनेट मंत्री श्री बरिंदर गोयल का विशेष रूप से धन्यवाद किया।

हडाणा ने कार्यक्रम में पहुंचे भारी जनसमूह का आभार व्यक्त करते हुए भावुक अंदाज में कहा, “आज गांव हडाणा की धरती पर हलका सनौर की जनता ने मुझे जो प्यार, सम्मान और विश्वास दिया है, उसके लिए मैं सदैव उनका ऋणी रहूंगा। यह विशाल जनसमूह इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि लोग आम आदमी पार्टी सरकार की साफ नीयत और विकासोन्मुखी नीतियों से बेहद संतुष्ट हैं।”
इस अवसर पर बलदेव सिंह देवीगढ़, चेयरमैन मार्केट कमेटी दूधन साधा, हनी माहला, चेयरमैन मार्केट कमेटी डकाला, हैप्पी पहाड़ीपुर, चेयरमैन ब्लॉक समिति सनौर, चरणजीत सिंह, चेयरमैन ब्लॉक समिति भुनरहेड़ी, सिमरजीत सिंह सोहल, वाइस चेयरमैन ब्लॉक समिति भुनरहेड़ी, हरप्रीत सिंह घुमाण, वाइस चेयरमैन ब्लॉक समिति सनौर, राम इंदर सिंह जमना, राजा धंजू, ब्लॉक प्रधान, करम सिंह प्रिंसिपल, राजबंस सिंह, आप नेता, डॉ. हरनेक सिंह, आप नेता सहित आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता, जिला परिषद एवं ब्लॉक समिति सदस्य, विभिन्न गांवों के वर्तमान एवं पूर्व सरपंच-पंच, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय किसान एवं क्षेत्रवासी उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रमुख हस्तियों को सम्मानित किया गया तथा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर पहुंचे क्षेत्रवासियों के अपार उत्साह और उमड़े विशाल जनसमूह ने एक छोटे से कार्यक्रम को विशाल जनसभा का रूप दे दिया, जिससे पूरे इलाके में उत्साह और खुशी की लहर दौड़ गई।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments