सुनाम , 1 अगस्त,2026 (गुरप्रीत सिंह): शहीद ऊधम सिंह के शहीदी दिवस पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सुनाम में 107.78 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने महान क्रांतिकारी शहीद ऊधम सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।
भगवंत सिंह मान ने कहा कि शहीदों के सपनों का पंजाब बनाने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं और आम लोगों की सुविधा के लिए लगातार विकास कार्य कर रही है। इस अवसर पर संत अतर सिंह महाराज आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट, ट्रॉमा सेंटर, दवा भंडार और ब्लड बैंक जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं लोगों को समर्पित की गईं।
सी.एम. मान ने बताया कि करीब 98.68 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट युवाओं को सेना, नौसेना और वायुसेना में करियर बनाने के लिए आधुनिक प्रशिक्षण देगा। इसमें 500 कैडेटों के लिए आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि सुनाम में स्थापित ट्रॉमा सेंटर सड़क दुर्घटना पीड़ितों को गोल्डन ऑवर में बेहतर इलाज उपलब्ध कराने में मदद करेगा। वहीं, दवा भंडार और ब्लड बैंक से क्षेत्र के अस्पतालों में दवाओं और रक्त की उपलब्धता बेहतर होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और राज्य के विकास में सहयोग करने की अपील की।
इस मौके पर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया, विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां, कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।






