कुरुक्षेत्र,2 अगस्त,2026 (संजीव सिंगला): विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन के अंतर्गत खंड पिपली की ग्राम पंचायत सांवला में शनिवार को पौधरोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
इस कार्यक्रम में जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डी.आर.डी.ए) की परियोजना अधिकारी मनजीत कौर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए पौधरोपण किया। उन्होंने कहा कि पौधे प्रकृति की अमूल्य धरोहर है और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को पौधरोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए। खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी रूबल ने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा जब प्रत्येक लगाए गए पौधे की नियमित देखभाल सुनिश्चित की जाए। उन्होंने ग्रामीणों से अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सांवला के सरपंच कमल सिंह, ग्राम सचिव जसपाल, धर्मबीर, संदीप, अमित, राजाराम, सुरेखा, नवीन, जोगाराम, देवी रानी, अजय देशवाल सहित अन्य ग्राम सचिव व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जिला परिषद् के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विरेन्द्र चौधरी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और पौधरोपण इसके लिए सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन के तहत चलाए जा रहे पौधरोपण अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दे रहे हैं, बल्कि ग्रामीण समुदाय में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और सहभागिता की भावना भी विकसित कर रहे हैं।






