9 अगस्त,2026 (बलजीत सरना): कैनेडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में जंगलों में लगी भीषण आग ने गंभीर स्थिति पैदा कर दी है। आग तेजी से फैलने के कारण सरकार को प्रांतीय आपातकाल घोषित करना पड़ा है। ओकानागन क्षेत्र में करीब 20 हजार लोगों को एहतियात के तौर पर अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा है।
आग से प्रभावित कई इलाकों में अभी राहत और बचाव कार्य पूरी तरह शुरू नहीं हो पाए हैं। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आग की चपेट में आने से कितने लोगों की मौत हुई है या कितने लोग घायल हुए हैं। घने धुएं के कारण मोबाइल फोन और इंटरनेट सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। इसके अलावा, खराब परिस्थितियों में हेलीकॉप्टर के जरिए राहत एवं बचाव अभियान चलाना भी जोखिम भरा साबित हो रहा है।
सरकार ने विस्थापित लोगों की मदद के लिए प्रतिदिन 200 कनाडाई डॉलर की आर्थिक सहायता देने की व्यवस्था की है। इस राशि का उद्देश्य प्रभावित परिवारों को अस्थायी आवास और अन्य जरूरी खर्चों में मदद पहुंचाना है। क्षेत्र की विधायक अमेलिया बोल्टबी ने कहा कि राहत राशि लोगों के खातों में लगातार भेजी जा रही है, ताकि उन्हें मौजूदा संकट के दौरान आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
आग का असर पेंटिक्टन शहर तक भी पहुंचने लगा है। फल और बागवानी के लिए प्रसिद्ध इस इलाके में स्थानीय किसान और बागवान अपने परिवारों, घरों तथा बागों को आग से बचाने के लिए खुद भी प्रयास कर रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि कॉल की भारी भीड़ के कारण वास्तविक आपात स्थितियों की पहचान करना मुश्किल हो रहा है और कई कॉल का जवाब भी नहीं दिया जा पा रहा। लोगों से अपील की गई है कि वे 911 का इस्तेमाल केवल गंभीर और जानलेवा आपात स्थिति में ही करें, ताकि जरूरतमंद लोगों तक तुरंत मदद पहुंचाई जा सके। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल सबसे बड़ी प्राथमिकता लोगों की जान बचाना है। वहीं, अभी तक कनाडा की संघीय सरकार ने प्रांतीय प्रशासन के लिए किसी विशेष राहत पैकेज या अतिरिक्त अग्निशमन सहायता की घोषणा नहीं की है।






