फतेहावाद, 12 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): 14अगस्त को गुरुग्राम में आयोजित होने वाले विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी फतेहाबाद विधानसभा एवं रतिया विधानसभा की संगठनात्मक बैठकें आयोजित की गईं। फतेहाबाद विधानसभा की बैठक पंचनद सदन में तथा रतिया विधानसभा की बैठक राजपाल ग्रोवर के प्रतिष्ठान ग्रोवर मार्बल स्टोर पर आयोजित हुई। दोनों बैठकों की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा ने की। बैठक में प्रदेश टोली सदस्य भारत भूषण मिढ़ा ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस केवल एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह उन लाखों परिवारों की पीड़ा, संघर्ष, त्याग और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है, जिन्होंने देश के विभाजन की त्रासदी को झेला। उन्होंने कहा कि विभाजन के समय लाखों लोगों को अपना घर-बार छोड़ना पड़ा और असंख्य परिवारों ने अपनों को खोया। यह इतिहास देश की आने वाली पीढ़ियों को जानना आवश्यक है, ताकि वे उस त्रासदी से सीख लेकर राष्ट्र की एकता और अखंडता को और मजबूत करने के लिए कार्य करें।
उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को विभाजन के उस दर्दनाक इतिहास से अवगत कराना और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सामाजिक समरसता के प्रति जागरूक करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विभाजन की पीड़ा को स्मरण करने और उससे सीख लेने की परंपरा को मजबूत किया गया है। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का उद्देश्य इतिहास के उस अध्याय को याद करना है, जिसकी पीड़ा आज भी अनेक परिवारों की स्मृतियों में जीवित है।
प्रदेश टोली सदस्य भारत भूषण मिढ़ा ने कहा कि विभाजन की त्रासदी को केवल इतिहास के पन्नों तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि युवा पीढ़ी को इसके कारणों और परिणामों से अवगत कराना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि 14 अगस्त के कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें और समाज के प्रत्येक वर्ग तक विभाजन विभीषिका का संदेश पहुंचाएं।
जिला संयोजक कंवल चौधरी ने कहा कि कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करना संगठन की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संपर्क करते हुए लोगों को कार्यक्रम से जोड़ने का आह्वान किया।
बैठकों में पार्टी के पदाधिकारी, विधानसभा स्तर के कार्यकर्ता एवं विभिन्न संगठनात्मक दायित्वों से जुड़े कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







