पटियाला, 15 अगस्त,2026 (गुरमीत सिंह तुंग): देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पटियाला के ऐतिहासिक पोलो ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री स. गुरमीत सिंह खुड्डियां ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पंजाब ने देश की आजादी की लड़ाई में असाधारण कुर्बानियां दी हैं और आज की पीढ़ी की जिम्मेदारी है कि वह शहीदों के सपनों के अनुरूप एक खुशहाल, स्वस्थ, नशामुक्त और विकसित पंजाब के निर्माण में अपना योगदान दे।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार का उद्देश्य केवल विकास कार्य करवाना ही नहीं, बल्कि पंजाब की युवा पीढ़ी, किसान, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करके राज्य को दोबारा तरक्की की राह पर ले जाना है।
उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के महान योद्धाओं शहीद-ए-आजम स. भगत सिंह, शहीद ऊधम सिंह, शहीद करतार सिंह सराभा, शहीद मदन लाल ढींगरा, लाला लाजपत राय, शहीद दीवान सिंह कालेपानी और अन्य स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि पंजाबियों की कुर्बानियां भारत के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि इन शहीदों ने जिस आजाद, न्यायपूर्ण और समानता वाले भारत का सपना देखा था, उसे साकार करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

स. खुड्डियां ने कहा कि पंजाब सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण को विशेष प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने शहीद होने वाले जवानों के वारिसों और विशेष रूप से शहीद अग्निवीरों के लिए 1 करोड़ रुपये की एक्स-ग्रेशिया राशि देने संबंधी सरकार के फैसले का भी उल्लेख किया। समारोह के दौरान जिले के शहीद परिवारों का सम्मान करना स्वतंत्रता दिवस की भावनाओं को सच्ची श्रद्धांजलि देने वाला भावुक पल रहा।
कृषि मंत्री ने कहा कि पंजाब के किसानों ने अपनी जमीन, मिट्टी और भूजल पर बढ़ते दबाव के बावजूद देश के अन्न भंडार को भरने में ऐतिहासिक योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि अब समय की मांग है कि किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के साथ-साथ प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि पिछले खरीफ सीजन के दौरान पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में 53 प्रतिशत कमी दर्ज की गई और फसल अवशेष प्रबंधन के लिए 1.58 लाख मशीनों पर 50 से 80 प्रतिशत तक सब्सिडी प्रदान की गई।
उन्होंने बताया कि भूजल संरक्षण के लिए धान की सीधी बिजाई के तहत क्षेत्र बढ़ाकर 4 लाख एकड़ किया गया है, जबकि पिछले वर्ष यह क्षेत्र 2.93 लाख एकड़ था।

स. खुड्डियां ने नहरी सिंचाई प्रणाली में किए जा रहे निवेश का उल्लेख करते हुए कहा कि करीब 7,200 करोड़ रुपये खर्च करके नहरी ढांचे को मजबूत करने और कृषि के लिए नहरी पानी के उपयोग को बढ़ाने की दिशा में काम किया गया है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब के विकास का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब युवाओं को रोजगार के अवसर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और खेलों के लिए बेहतर बुनियादी ढांचा मिलेगा।
उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, आम आदमी क्लीनिकों, उद्योग एवं व्यापार को बढ़ावा देने, सड़कों और लिंक सड़कों के नवीनीकरण, बिजली, स्वच्छ पेयजल, ग्रामीण विकास, प्रशासनिक सुधार और खेलों सहित विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि नशे और गैंगस्टरवाद के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ युवाओं को शिक्षा, रोजगार, खेल और कौशल विकास से जोड़ना भी सरकार की नीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। स. खुड्डियां ने कहा कि पंजाब की ताकत केवल इसकी जमीन और कृषि नहीं, बल्कि इसकी समृद्ध धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत भी है। उन्होंने श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व से संबंधित समारोहों, श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस की स्मृति गतिविधियों और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को अपने इतिहास और विरासत से जोड़ना समय की बड़ी जरूरत है।
समारोह में परेड कमांडर डीएसपी फतेह सिंह बराड़ के नेतृत्व में आईटीबीपी, पटियाला पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, पहली आईआरबी के पाइप बैंड, रेड क्रॉस, सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड और विभिन्न स्कूलों की टुकड़ियों ने मार्च पास्ट किया तथा मुख्य अतिथि को सलामी दी। मीरी-पीरी रणजीत अखाड़ा बुढ़ा दल और स्कूलों-कॉलेजों के विद्यार्थियों ने गतका के जौहर दिखाए। विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति और पंजाबी संस्कृति से संबंधित रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से समारोह को यादगार बना दिया। विभिन्न विभागों की ओर से निकाली गई झांकियों में शिक्षा, पुलिस, स्वास्थ्य, वन विभाग, सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास, कृषि एवं किसान कल्याण, खेल और नगर निगम के विकास कार्यों को प्रदर्शित किया गया।
समारोह के दौरान इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी पटियाला की ओर से 7 लाभार्थी महिलाओं को सिलाई मशीनें, 6 ट्राइसाइकिल और एक व्हीलचेयर प्रदान की गई। इसके अलावा जिले के शहीद परिवारों तथा यूपीएससी परीक्षा पास कर आईएएस बनने वाली सिमरनदीप कौर, रसनीत कौर और जयंत गर्ग को भी सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने परेड कमांडर, प्लाटून कमांडरों, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली टीमों और विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय प्रदर्शन करने वाली हस्तियों को भी सम्मानित किया। इस अवसर पर वाणी इंटीग्रेटेड स्कूल फॉर डेफ एंड स्पेशल चिल्ड्रन के विद्यार्थियों द्वारा सांकेतिक भाषा के माध्यम से राष्ट्रगान में भाग लेना समारोह का विशेष और भावनात्मक पल रहा।
स्वतंत्रता दिवस के जश्न की खुशी साझा करते हुए कैबिनेट मंत्री स. गुरमीत सिंह खुड्डियां ने 17 अगस्त, सोमवार को पटियाला जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश की घोषणा भी की। समारोह में लोकसभा सदस्य डॉ. धर्मवीर गांधी, विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के विधायक, राजनीतिक नेता, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, विश्वविद्यालयों के कुलपति, न्यायपालिका के अधिकारी, विभिन्न बोर्डों एवं निगमों के पदाधिकारी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे। स्वतंत्रता दिवस का यह समारोह जहां देश की आजादी के लिए अनगिनत कुर्बानियां देने वाले शहीदों को याद करने का अवसर बना, वहीं पंजाब के विकास, किसान वर्ग की मजबूती, युवाओं के भविष्य और राज्य की समृद्ध विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के संकल्प को भी रेखांकित कर गया।






