पटियाला, 17 अगस्त,2026 (जतिंदर गर्ग): पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने पटियाला पहुंची ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ की मशाल का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार राज्य में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए लगातार विशेष प्रयास कर रही है।

डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि 5 सितंबर को बठिंडा में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ की शुरुआत की जाएगी। इन खेलों के तहत ब्लॉक स्तर पर 7, जिला स्तर पर 28 और राज्य स्तर पर 38 खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें हर आयु वर्ग के लोगों को हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने पंजाबवासियों से बड़ी संख्या में इन खेलों में भाग लेने की अपील की। डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए उन्हें खेलों से जोड़ना बेहद जरूरी है। सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ सीधी भर्ती के माध्यम से रोजगार के अवसर भी उपलब्ध करा रही है।
उन्होंने युवाओं से मेहनत कर खेलों में सफलता हासिल करने और अपनी प्रतिभा के दम पर पंजाब व देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।






