Wednesday, August 26, 2026
HomeHaryanaसफाई कर्मचारी संघ की 14 में से 13 मांगों पर सरकार ने...

सफाई कर्मचारी संघ की 14 में से 13 मांगों पर सरकार ने जताई सहमति, पक्का करने पर ली जा रही है कानूनी राय : कृष्ण कुमार बेदी

कुरुक्षेत्र, 22 अगस्त, 2026 (संजीव शर्मा) हरियाणा के सामाजिक, न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि हरियाणा नगर पालिका कर्मचारी संघ की 14 मांगों में से 13 मांगों पर सरकार ने सहमति जताई है। अहम पहलू यह है कि कर्मचारियों को पक्का करने की एक मांग को लेकर सरकार द्वारा कानूनी राय ली जा रही है और जैसे ही कानूनी राय मिल जाएगी, वैसे ही इस मांग पर कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा।

          कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी शनिवार को कुरुक्षेत्र के जिमखाना क्लब में आयोजित बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा और हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन की 10 सदस्यीय कमेटी के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में हर मांगों व समस्याओं पर गहनता से विचार विमर्श किया और जल्द ही कैबिनेट मंत्री कृष्ण  कुमार बेदी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ यूनियन के पदाधिकारियों की बातचीत करवाएंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता, आयुक्त अशोक मीणा, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा सहित यूएलबी के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

          कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बातचीत की ड्यूटी लगाई थी। आज यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बातचीत की है। इससे पहले भी 5 अगस्त को यूनियन के साथ बातचीत की थी। इस दौरान सरकार के सामने 14 मांगों को रखा गया था, इनमें से 13 मांगों पर सरकारी ने अपनी सहमति जताई हुई है। एक मांग कर्मचारियों को पक्का करने की मांग पर सुप्रीम कोर्ट व हाई कोर्ट के आदेशों की पालना करने के लिए कानूनी राय ली जा रही है। इसके उपरांत इस विषय पर सरकार गंभीरता के साथ आगामी कार्रवाई अमल में लाएगी। इतना ही नहीं अब जल्द ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ पदाधिकारियों की बातचीत करवाई जाएगी।

          बैठक में नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश शास्त्री, महासचिव  मांगे राम तिंगरा, वरिष्ठ उपप्रधान रमेश तोशामड़, उपप्रधान राजेश बागड़ी, मुख्य संगठनकर्ता  शिव चरण, राज्य कमेटी सदस्य अशोक, हरियाणा अग्नि शमन विभाग कर्मचारी यूनियन राज्य प्रधान राजेंश सिणद, महासचिव गुलशन भारद्वाज, राज्य सचिव मनजीत भुल्लर, जय प्रकाश शामिल रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments