फतेहगढ़ साहिब, 24 अगस्त,2026 (अनिल कुमार भारती): पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार पंजाब के लोगों को गुणवत्तापूर्ण बुनियादी ढांचा, बेहतर परिवहन सुविधाएं और विकास के लिहाज से आधुनिक शहरी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। इन विचारों का प्रकटावा फतेहगढ़ साहिब के विधायक एडवोकेट लखबीर सिंह राय ने आज गांव बुचड़ें में नरवाणा नहर पर करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले स्टील पुल का नींव पत्थर रखते हुए किया।

विधायक राय ने कहा कि करीब 70 साल पुराने और संकरे पुल के कारण आसपास के गांवों और निवासियों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था, जिसका जल्द समाधान होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि करीब 6 महीने के भीतर यह पुल बनकर तैयार हो जाएगा, जिससे भविष्य में लोगों को वाहनों के जरिए पुल से गुजरने में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि शहीदी सभा के दिनों में श्रद्धालु हर प्रकार के वाहनों से पटियाला रोड के रास्ते श्री फतेहगढ़ साहिब पहुंच सकेंगे। इससे श्रद्धालुओं और आम लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।
विधायक राय ने बताया कि इस पुल से यातायात चनारथल कलां, बधोछी कलां, खरोड़ा-खरोड़ी और नबीपुर होते हुए पटियाला रोड तक जाता है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र श्री फतेहगढ़ साहिब में विकास कार्यों की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार विकास के प्रत्येक प्रोजेक्ट में गुणवत्ता को प्राथमिकता दे रही है और किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुसार और तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि लोगों को जल्द से जल्द इनका लाभ मिल सके।
इस अवसर पर एसडीओ कृष्ण गोपाल गिल, कुलविंदर सिंह डेरा, बलकार सिंह नबीपुर, बिक्रमजीत सिंह, बलबीर सिंह चीमा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।






