स्वर्गीय पद्मश्री कौर सिंह के पारिवारिक सदस्यों को विशेष रूप से किया गया सम्मानित
संगरूर, 24 नवंबर, 2026 (शहीद–ए–आज़म ब्यूरो): ‘खेडां वतन पंजाब दियां 2026’ सीजन-4 के तहत जिला संगरूर में आयोजित कबड्डी (नेशनल स्टाइल), किक बॉक्सिंग और रोलर स्केटिंग के राज्य स्तरीय मुकाबले संपन्न हो गए। 17 से 23 नवंबर तक चले इन मुकाबलों के अंतिम दिन भी खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।शहीद बचन सिंह खेल स्टेडियम, दिड़बा में कबड्डी (नेशनल स्टाइल) के मुकाबलों के दौरान पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के ओएसडी तपिंदर सिंह सोही ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ अनुशासन और टीम भावना विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर प्रमुख समाजसेवी, खेल प्रमोटर एवं ब्लॉक समिति सदस्य दलवारा सिंह भंगू, कबड्डी खिलाड़ी रण सिंह रानियां तथा स्वर्गीय पद्मश्री कौर सिंह के पारिवारिक सदस्य भी मौजूद रहे। मुख्य अतिथि ने कौर सिंह के परिवार के सदस्यों को विशेष रूप से सम्मानित किया। जिला खेल अधिकारी नवदीप सिंह ने बताया कि कबड्डी (नेशनल स्टाइल) के फाइनल मुकाबले में रूपनगर की टीम ने पठानकोट को हराकर पहला स्थान हासिल किया, जबकि पठानकोट की टीम दूसरे स्थान पर रही।
रोलर स्केटिंग के अंडर-21 लड़कों की 3,000 मीटर रोड रेस में संगरूर के लखदीप सिंह ने पहला, फाजिल्का के अनमोल सिंह ने दूसरा और मानसा के सुखविंदर सिंह ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। किक बॉक्सिंग के 31 से 40 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं के 65 किलोग्राम भार वर्ग में फाजिल्का की ज्योति बाला प्रथम और मानसा की गगनदीप कौर द्वितीय स्थान पर रहीं। इसी आयु वर्ग के 70 किलोग्राम भार वर्ग में बठिंडा की हरप्रीत कौर ने पहला और संगरूर की हरदीप कौर ने दूसरा स्थान हासिल किया। जालंधर की अनीता रानी और फाजिल्का की शालू बाला ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।







