जालंधर, 27 अगस्त,2026 (अनिल कुमार भारती): पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज जालंधर के पी.ए.पी ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 1,746 पुलिस कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। कार्यक्रम का आयोजन ‘मिशन रोजगार’ के तहत किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार अब तक 70,840 सरकारी नौकरियां दे चुकी है। उन्होंने दावा किया कि भर्ती प्रक्रिया ‘न पैसा, न कोई खास सिफारिश’ की नीति के तहत पूरी की गई है।
सीएम मान ने कहा कि इन भर्तियों से उन युवाओं को भी अवसर मिला है, जिनके परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं। उन्होंने एक पुलिसकर्मी का उदाहरण देते हुए बताया कि उसके गांव की दो लड़कियां पंजाब पुलिस में भर्ती हो रही हैं, जबकि उनके माता-पिता दूसरों के घरों में काम करते हैं।
532 किमी सीमा की सुरक्षा में अहम भूमिका
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब पुलिस राज्य के साथ-साथ देश की सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। पुलिस बीएसएफ के साथ 532 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा में जुटी है।
उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस को उसकी विभिन्न पहलों के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। पंजाब देश का पहला राज्य है, जहां अलग से रोड सेफ्टी फोर्स काम कर रही है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस व्यवस्था के तहत हर 30 किलोमीटर पर पेट्रोलिंग वाहन तैनात किया गया है। उन्होंने दावा किया कि यह फोर्स हर साल करीब 2,700 लोगों की जान बचाने में मदद कर रही है।






