Thursday, August 27, 2026
HomePunjabजनगणना में दर्ज होगी शिक्षा, रोजगार और प्रवास की जानकारी

जनगणना में दर्ज होगी शिक्षा, रोजगार और प्रवास की जानकारी

चंडीगढ़, 27 अगस्त,2026 (राजेश कुमार): भारत की आगामी जनगणना 2027 को लेकर पंजाब में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय के निर्देशों के बाद पंजाब के स्थानीय निकाय विभाग ने जनगणना से संबंधित आधिकारिक गजट अधिसूचना जारी कर दी है।

अधिसूचना के तहत जनगणना अधिकारियों को निर्धारित क्षेत्रों में घर-घर जाकर हाउसहोल्ड शेड्यूल के जरिए करीब 40 बिंदुओं पर जानकारी जुटाने के लिए अधिकृत किया गया है।

इस दौरान लोगों से नाम, परिवार के मुखिया से संबंध, लिंग, जन्म तिथि, उम्र, वैवाहिक स्थिति, राष्ट्रीयता, धर्म और जाति सहित व्यक्तिगत एवं पारिवारिक जानकारी ली जाएगी। इसके अलावा मातृभाषा, अन्य भाषाओं का ज्ञान, साक्षरता, डिजिटल साक्षरता, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी जानकारी भी दर्ज की जाएगी। जनगणना में जन्म स्थान, पिछला निवास, प्रवास का कारण, वर्तमान स्थान पर रहने की अवधि और स्थायी पता जैसी जानकारियां भी शामिल होंगी। महिलाओं से प्रजनन से संबंधित निर्धारित आंकड़े भी जुटाए जाएंगे।

अधिसूचना के अनुसार बैंक खातों की संख्या, कोविड-19 टीकाकरण से जुड़ी जानकारी, मोबाइल नंबर और उपलब्ध होने पर विशिष्ट पहचान संख्या के अलावा वोटर आईडी, पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता संबंधी जानकारी भी मांगी जा सकती है। सरकार ने ये आंकड़े जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 8(1) के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार एकत्र करने के निर्देश दिए हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments