Thursday, August 27, 2026
HomeHaryanaएस.आई.आर. के कार्य में लापरवाही बरती तो संबंधित अधिकारी की होगी जिम्मेदारी...

एस.आई.आर. के कार्य में लापरवाही बरती तो संबंधित अधिकारी की होगी जिम्मेदारी : संजीव वर्मा

कुरुक्षेत्र, 27 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): अंबाला मंडल आयुक्त संजीव वर्मा ने कहा कि एसआईआर के कार्य को किसी प्रकार की लापरवाही व देरी सहन नहीं की जाएगी। इसलिए सभी अधिकारी एसआईआर के कार्य को पूरी गंभीरता के साथ लेकर निर्धारित शेड्यूल के अनुसार पूरा करना सुनिश्चित करे। यदि किसी भी प्रकार की लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी होगी। अहम पहलू यह है कि अगर मतदाताओं को नोटिस सर्व ना हुए तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।

अंबाला मंडल आयुक्त संजीव वर्मा बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में एसआईआर के कार्यों को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, बीएलए और अधिकारियों की एक संयुक्त बैठक में समीक्षा कर रहे थे। इससे पहले उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कुरुक्षेत्र जिला की चारों विधानसभाओं में एसआईआर के तहत किए गए कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की है। आयुक्त ने कहा कि अधिक से अधिक योग्य प्रार्थियों की वोट बनवाई जाए और जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए है, उन नोटिस पर सुनवाई करके नियमानुसार कार्रवाई की जाए ताकि किसी व्यक्ति की वोट ना कट पाए। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को नोटिस सर्व न करने के मामले को गंभीरता से लें और जो भी लंबित नोटिस है, उनको आगामी छुट्टियों में सर्व किया जाए और सुनवाई करके नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाए। अगर एक भी नोटिस सर्व ना हुआ तो संबंधित अधिकारी के लिए खतरे की घंटी होगी।

          उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि बूथ स्तर पर एसआईआर के कार्य को सहयोग दे और संबंधित एआरओ और बीएलओ का सहयोग करके ड्राफ्ट पब्लिकेशन को पूरी पारदर्शिता के साथ तैयार करें ताकि मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद किसी को किसी प्रकार की कोई आपत्ति ना रहे और सभी लोगों का विश्वास बना रहे। उन्होंने कहा कि बीएलओ के कार्य का भी मूल्यांकन किया जाए। इस कार्य को संबंधित अधिकारी नियमित रूप से चैक करें और मैपिंग के कार्य में किसी प्रकार की कोई कमी ना रहे। इस कार्य को चुनाव तहसीलदार एक्टिव होकर करे। सभी मिलकर लोगों को वोट की महता के प्रति जागरुक करे, क्योंकि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। दुनिया के किसी भी देश में चुनाव होता है, तो भारत से अधिकारियों को ड्यूटी के लिए आमंत्रित किया जाता है। इस देश के लोकतंत्र पर पूरी दुनिया को विश्वास है। इस मौके पर उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, एसडीएम अमन कुमार, एसडीएम शंभू राठी, एसडीएम अनुभव मेहता, एसडीएम गुरविंदर सिंह, नगराधीश आशीष कुमार, चुनाव तहसीलदार संदीप कुमार सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

शाहाबाद विधानसभा के बूथ नंबर 76, 77 व 78 का किया निरीक्षण

अंबाला मंडल-कम-रोल ऑब्जर्वर एवं अंबाला मंडल आयुक्त संजीव वर्मा द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के के तहत शाहाबाद विधानसभा के बूथ नंबर 76, 77 व 78 का निरीक्षण किया गया, जोकि आर्य कन्या कॉलेज शाहाबाद में स्थित है। निरीक्षण के दौरान बीएलओ द्वारा किए गए कार्यों का निरीक्षण किया गया। इनमें नये मतदाता के फॉर्म 6, नो मैपिंग तथा त्रुटि वाली श्रेणी के मतदाता को दिए जाने वाले नोटिस, रसीद तथा प्रस्तुत किए जा रहे दस्तावेजों का जायजा लिया। कोई भी संतोषजनक दस्तावेज न देने पर पास किये जा रहे स्पीकिंग ऑर्डर का भी अवलोकन किया गया। आयुक्त संजीव वर्मा ने सभी उपस्थित अधिकारियों / कर्मचारियों को निर्देश दिये गए कि कोई भी पात्र व्यक्ति छूटना नहीं चाहिए। पात्र व्यक्तियों को मतदाता सूची में पंजीकरण करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएं। राजनैतिक पार्टियों व प्रतिनिधियों से तालमेल बनाते हुए पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता से कार्य किया जाए। दौरे के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, ईआरओ एवं एसडीएम शाहाबाद शंभू राठी भी उपस्थित रहे।

कुरुक्षेत्र में 1 लाख 9 हजार 502 मतदाताओं को एसआईआर के तहत जारी किए गए नोटिस

उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने आयुक्त संजीव वर्मा के समक्ष एसआईआर की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए कहा कि कुरुक्षेत्र में एसआईआर के तहत 1 लाख 11 हजार 742 मतदाताओं के नोटिस तैयार किए गए और 1 लाख 9 हजार 502 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए। इस समय चारों विधानसभाओं में 2240 मतदाताओं को अभी तक नोटिस सर्व नहीं किए गए है। इन मतदाताओं को आगामी 2 दिनों के अंदर नोटिस सर्व करने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने कहा कि एसआईआर के तहत 56855 लोगों की सुनवाई तय की गई और अब तक 30 हजार से ज्यादा लोगों की सुनवाई की जा चुकी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments