कुरुक्षेत्र, 28 अगस्त 2026 (संजीव शर्मा): जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने बताया कि महानिदेशक आयुष विभाग, हरियाणा के दिशा-निर्देशों और जिला प्रशासन के सहयोग से हर सप्ताह गुरुवार को जिलेभर में बुजुर्गों के लिए निःशुल्क बुजुर्ग सेवा एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए गए।
इसी कड़ी के तहत जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और सरकारी आयुर्वेदिक डिस्पेंसरियों में बुजुर्गों की विस्तृत स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं, मौसम के अनुसार खान-पान और जीवनशैली से संबंधित सलाह दी गई तथा बुजुर्गों को नियमित रूप से योग करने के लिए भी जागरूक किया गया।
शिविर के दौरान आयुष्मान आरोग्य मंदिर खरकाली में डॉ. सपना और योग सहायक प्रदीप कुमार ने सेवाएं प्रदान कीं। सरकारी आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी ढंगाली में डॉ. वीरेंद्र, फार्मासिस्ट विजय लक्ष्मी और योग सहायक देवेंद्र ने मरीजों की जांच की। इसी प्रकार आयुष्मान आरोग्य मंदिर डाबखेड़ा में डॉ. मीना, फार्मासिस्ट सिम्मी, योग ट्रेनर संजय कुमार और राकेश कुमार ने सेवाएं दीं।

सरकारी आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी बनी में डॉ. भावना, फार्मासिस्ट सरिता सैनी और योग सहायक कमल किशोर ने स्वास्थ्य जांच की। सरकारी आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी मुताजापुर में डॉ. महीपाल, आयुष्मान आरोग्य मंदिर कलाल माजरा में डॉ. संतोष, आयुष्मान आरोग्य मंदिर चनारथल में डॉ. रीतू तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर ज्योतिसर में डॉ. राजीव ने मरीजों की जांच की।
इसके अलावा आयुष्मान आरोग्य मंदिर लुखी में डॉ. तनवी, आयुष्मान आरोग्य मंदिर सारसा में डॉ. प्रगति, सरकारी होम्योपैथिक डिस्पेंसरी चनारथल में डॉ. मोनिका तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर यारा में डॉ. संदीप ने बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें उचित चिकित्सकीय सलाह और दवाइयां उपलब्ध करवाईं।
जिलेभर में आयोजित इन स्वास्थ्य गतिविधियों के दौरान 220 से अधिक बुजुर्ग लाभार्थियों की स्वास्थ्य जांच की गई। इसके साथ ही जरूरत के अनुसार उन्हें चिकित्सकीय परामर्श और निःशुल्क दवाइयां भी दी गईं।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने बताया कि आयुष विभाग का मुख्य उद्देश्य बुजुर्गों को हर गुरुवार उनके घर के नजदीक निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना तथा उन्हें स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।






