कुरुक्षेत्र, 28 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आज 27 अगस्त को मेरा युवा भारत कुरुक्षेत्र व राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान कुरुक्षेत्र द्वारा ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस कार्यक्रम में चेयरमैन सुभाष कलसाना, एनआईटी निदेशक प्रोफेसर भ्रमजीत, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी हरजिंदर कौर तथा राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी मनवीत डीएसडबलू डॉ लीली दीवान व उपनिदेशक सुरमयी शर्मा , मेरा युवा भारत कुरुक्षेत्र ने सहभागिता की और युवाओं का मार्गदर्शन किया।
इस कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘आइडिया बॉक्स’ रहा। इसके माध्यम से युवाओं को खेल, युवा सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े पांच प्रमुख विषयों पर अपने विचार एवं सुझाव देने का अवसर मिला। युवाओं ने अपने विचार मॉय भारत पोर्टल के माध्यम से साझा किए। इस पहल का उद्देश्य युवाओं की रचनात्मक सोच को सामने लाना तथा उन्हें नीति निर्माण की प्रक्रिया से जोडऩा रहा।

इसके साथ ही ‘खेलो इंडिया संवाद’ के अंतर्गत युवाओं को अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के खिलाडिय़ों के साथ सीधे संवाद करने का अवसर मिला। युवाओं ने खिलाडिय़ों से उनके खेल जीवन, संघर्ष, अनुभव, उपलब्धियों तथा खेल के क्षेत्र में आगे बढऩे के अवसरों से जुड़े सवाल पूछे। खिलाडिय़ों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं को खेलों के प्रति समर्पण, अनुशासन और निरंतर मेहनत का संदेश दिया।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सुभाष कलसाना ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी के विकसित भारत 2047 का संकल्प के सूत्रधार हमारे देश के युवा है और युवा जब खेलो इंडिया, फिट इंडिया, संडे ऑन साईकिल जैसे प्रकल्पों से जुड़ता है तो न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ होता है बल्कि मानसिक व बौद्धिक रूप से स्वस्थ रहता है7 युवा विशेषकर नशे जैसी बुराईयों से भी दूर रहता है7 उन्होंने युवाओं से अनुरोध किया कि अधिकाधिक खेलो से जुड़े और परिवार व देश का नाम रोशन करें।
इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रोफेसर ब्रह्मजीत ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा और विचारों को सामने रखने के लिए अवसर एवं मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि नीति निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बनाना समय की आवश्यकता है। ‘आइडिया बॉक्स’ जैसी पहल युवाओं के विचारों को सीधे मंच तक पहुंचाने और उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस कार्यक्रम के दौरान युवाओं में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, फिटनेस को जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा खेल प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करने पर भी जोर दिया गया। प्रतिभागियों ने ‘खेलो इंडिया संवाद’ और ‘आइडिया बॉक्स’ जैसी पहलों को युवाओं के साथ सीधा जुड़ाव स्थापित करने वाला प्रभावी माध्यम बताया।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने युवाओं को खेल जगत की प्रेरणादायक हस्तियों से संवाद के साथ-साथ अपने विचार व्यक्त करने और देश की नीतियों एवं विकास में अपनी भूमिका को समझने का अवसर प्रदान किया।
इस कार्यक्रम में एन.आई.टी के प्रोफेसर श्री प्रवीण अग्रवाल, पंकज , गौरव आदि उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में मेरा युवा भारत के स्वयंसेवकों रुद्रांश, सुमित, संजय, प्रीत, देवेंद्र ने सहयोग किया।






