चंडीगढ़, 29 अगस्त,2026 (जतिंदर गर्ग): पंजाब सरकार की ‘मावां-धीयां सत्कार योजना’ के तहत अब तक 70.92 लाख महिलाओं के बैंक खातों में सम्मान राशि पहुंचाई जा चुकी है। बाबा बकाला साहिब में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 5.30 लाख नई लाभार्थी महिलाओं के खातों में तीन महीने की 181.50 करोड़ रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की।
मुख्यमंत्री के अनुसार सरकार ने राज्य की 1 करोड़ महिलाओं को इस योजना का लाभ देने का लक्ष्य रखा है। योजना के तहत पंजीकरण में मदद करने वाली 1.38 लाख ‘सत्कार सखियों’ को अब तक 51 करोड़ रुपये मानदेय दिया जा चुका है।
वर्तमान पंजीकरण के आधार पर योजना पर सालाना करीब 10,492.80 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। योजना में सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1,000 रुपये और दलित वर्ग की महिलाओं को 1,500 रुपये प्रति माह सम्मान भत्ता दिया जा रहा है।
हालांकि, योजना के लिए पंजीकरण 75.50 लाख पर पहुंचकर धीमा हो गया है, जबकि बड़ी संख्या में महिलाएं अभी भी इससे जुड़ नहीं पाई हैं। सरकार ने लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने का लक्ष्य रखा है।






