नाभा, 29 अगस्त,2026 (छत्रपाल सिंह): पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित विशेष डॉक्यूमेंट्री अभियान के तहत पटियाला जिले के विभिन्न गांवों में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से 30 मिनट की डॉक्यूमेंट्री दिखाई जा रही है। इसी कड़ी में नाभा ब्लॉक के गांव कमेली और बिशनगढ़ में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने डॉक्यूमेंट्री देखी। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में तैयार की गई इस डॉक्यूमेंट्री में श्री गुरु रविदास जी महाराज के जीवन, दर्शन और समानता, सामाजिक न्याय, प्रभु भक्ति तथा सर्व-सांझीवालता के संदेश को लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के प्रत्येक गांव में डॉक्यूमेंट्री दिखाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि विशेष रूप से युवा पीढ़ी गुरु साहिब की शिक्षाओं से परिचित हो सके।
डॉक्यूमेंट्री देखने के बाद ग्रामीणों ने पंजाब सरकार की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी का समानता, भाईचारे और भेदभाव रहित समाज का संदेश आज भी प्रासंगिक है। ऐसी पहल नई पीढ़ी को गुरु साहिब के आदर्शों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इस अवसर पर गांवों के पंचायती प्रतिनिधि, समाजसेवी, धार्मिक हस्तियां और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।






