दिड़बा, 29 अगस्त,2026 (अमनदीप सभरवाल): पंजाब के वित्त एवं योजना मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आज दिड़बा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा करते हुए गांवों की पंचायतों को विकास कार्यों के लिए ग्रांट के चेक सौंपे। इस दौरान उन्होंने गांववासियों के साथ सीधे संवाद करते हुए विकास कार्यों की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया और लंबित मांगों को लेकर भी विचार-विमर्श किया।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान मंत्रियों या विधायकों द्वारा अपने कार्यालयों में बुलाकर या गांवों में बड़े समारोह आयोजित करके चेक वितरित किए जाते थे, जिस पर सरकारी धन भी खर्च होता था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार का तरीका अलग है। सरकार द्वारा गांवों में बैठकर लोगों से सीधे बातचीत की जाती है और लोगों की जरूरत एवं मांग के अनुसार विकास कार्यों के लिए ग्रांटें उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि आज गांव बघड़ौल, सफीपुर कलां, सफीपुर खुर्द, मुंशीवाला, दियालगढ़ कैंपर और जनाल सहित विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों की पंचायतों को विकास कार्यों के लिए चेक दिए गए। उन्होंने कहा कि पंजाब को ‘रंगला पंजाब’ बनाने के साथ-साथ गांवों की पुरानी विरासत को संरक्षित करने के लिए भी सरकार द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी के तहत गांव खानपुर फकीरां की पंचायत को गांव की विरासती सुंदरता और सुविधाओं के विकास के लिए 11 लाख रुपये का चेक दिया गया।
वित्त मंत्री ने बताया कि गांव सफीपुर कलां के बस स्टैंड के लिए पहले भी करीब 45 लाख रुपये की ग्रांट दी गई थी और लोगों की मांग को ध्यान में रखते हुए सफीपुर कलां की पंचायत को आज दोबारा 45 लाख रुपये का चेक दिया गया।
उन्होंने बताया कि गांव बघड़ौल को 35 लाख रुपये, मुंशीवाला को 19 लाख रुपये, सफीपुर खुर्द को 47 लाख रुपये, दियालगढ़ कैंपर को 49 लाख रुपये और जनाल को 46 लाख रुपये की ग्रांट के चेक दिए गए।
उन्होंने बताया कि बीते दिन भी गांव ढंडियाल को 45 लाख रुपये और महलां को 20 लाख रुपये की ग्रांट के चेक दिए गए हैं।
वित्त मंत्री ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के गांवों में विकास कार्य युद्ध स्तर पर चल रहे हैं। उन्होंने संबंधित गांवों के सरपंचों से कहा कि ग्रांटों का उपयोग करते हुए विकास कार्य तुरंत शुरू किए जाएं। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्य भी तेजी से चल रहे हैं।
हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा गांवों के विकास के लिए बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के ग्रांटें जारी की जा रही हैं और प्रत्येक गांव की जरूरत के अनुसार विकास कार्य करवाए जा रहे हैं।
इस अवसर पर ओ.एस.डी. तपिंदर सिंह सोही, मार्केट कमेटी दिड़बा की चेयरपर्सन जसवीर कौर शेरगिल, सरपंच रविंदर सिंह मान, सरपंच गरीब दास सफीपुर कलां सहित क्षेत्र के पंच-सरपंच और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।






