फतेहगढ़ साहिब, 29 अगस्त,2026 (दीपक दत्ता): पंजाब सरकार द्वारा राज्य को स्वच्छ, हरा-भरा और सुंदर बनाने के लिए चलाए जा रहे ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के तहत हलका फतेहगढ़ साहिब में विशेष सफाई अभियान की शुरुआत की गई। हलका विधायक एडवोकेट लखबीर सिंह राय के नेतृत्व में सरहिंद जीटी रोड बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में सफाई करवाई गई। यह अभियान 29 अगस्त से 9 सितंबर तक लगातार जारी रहेगा।
अभियान की शुरुआत के दौरान विधायक लखबीर सिंह राय और आम आदमी पार्टी के नेताओं ने खुद झाड़ू उठाकर बस स्टैंड परिसर की सफाई की और लोगों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर स्थानीय ‘आप’ नेताओं के अलावा नगर कौंसिल अध्यक्ष आशा रानी, पार्षद बलजिंदर सिंह गोला, रामपाल सिंह और बंटी सैनी, रमेश कुमार सोनू, बलदेव सिंह भल्ल माजरा, सीवरेज बोर्ड के एसडीओ रजनीश, सरहिंद के कार्यकारी अधिकारी और नगर कौंसिल के सफाई सेवकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

विधायक ने कहा कि ‘मिशन क्लीन पंजाब’ का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना पैदा करना भी है। उन्होंने कहा कि सरहिंद शहर में जहां भी कूड़े के ढेर या गंदगी की समस्या है, उन स्थानों की पहचान कर विशेष सफाई करवाई जाएगी।
उन्होंने शहरवासियों से अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहयोग देने और शहर की सफाई व सौंदर्यीकरण को लेकर अपने सुझाव साझा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों की भागीदारी से ही स्वच्छ और सुंदर पंजाब का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
कूड़ा प्रबंधन के लिए नया प्रोजेक्ट
लखबीर सिंह राय ने बताया कि कूड़े की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नए सेग्रीगेशन प्रोजेक्ट को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके तहत शहर से बाहर ही कूड़े की छंटाई की जाएगी, जिससे शहर के भीतर कूड़ा डंप करने की जरूरत काफी कम हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट लागू होने के बाद शहरवासियों को कूड़े के ढेर, बदबू और गंदगी से राहत मिलेगी तथा सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। पंजाब सरकार स्वच्छ और बेहतर पर्यावरण वाले पंजाब के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।






