संगरूर, 29 अगस्त,2026 (छत्रपाल सिंह): युवाओं की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने और योग्य युवाओं का मतदाता के रूप में पंजीकरण करवाने के लिए अतिरिक्त जिला चुनाव अधिकारी-कम-अतिरिक्त उपायुक्त (ज) श्री अंकुर महिंदरू, पी.सी.एस. की अध्यक्षता में जिला प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स, संगरूर में स्वीप नोडल अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान श्री अंकुर महिंदरू ने बताया कि पंजाब राज्य में चल रहे ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-2026’ के दूसरे चरण के तहत 13 अगस्त 2026 से 12 सितंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जा रही हैं। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के उच्च माध्यमिक विद्यालयों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, तकनीकी संस्थानों और आई.टी.आई. में विशेष जागरूकता एवं पंजीकरण कैंप लगाए जाएं तथा योग्य विद्यार्थियों को फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता के रूप में पंजीकृत किया जाए।
उन्होंने सभी सरकारी शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों को इलेक्टोरल लिटरेसी क्लबों को सक्रिय करने, ‘कैंपस एंबेसडर’ नियुक्त करने और विद्यार्थियों को ऑनलाइन पोर्टल voters.eci.gov.in या वोटर हेल्पलाइन ऐप के माध्यम से फॉर्म-6 भरने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला संगरूर के अंतर्गत आने वाले पांचों विधानसभा चुनाव क्षेत्रों के चुनावकार पंजीकरण अधिकारियों की ओर से शिक्षण संस्थानों को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
इस बैठक में सहायक स्वीप नोडल अधिकारी-कम-जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी), स्वीप नोडल अधिकारी (कॉलेज)-कम-प्रिंसिपल सरकारी रणबीर कॉलेज, स्वीप नोडल अधिकारी (आई.टी.आई.)-कम-प्रिंसिपल सरकारी आई.टी.आई. (महिला), संगरूर, चुनाव तहसीलदार श्रीमती परमजीत कौर तथा चुनाव स्टाफ उपस्थित रहा।





